महाराष्ट्र

‘मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे’, ये हमारा नारा था, मोदी सिर्फ देश बेच सकते हैं-संजय राउत

मुंबई: शिवसेना(उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत(Sanjay Raut) ने एकनाथ शिंदे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने शिंदे को झूठा बताया और कहा कि उन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है। राउत ने बाबरी विध्वंस मामले में शिवसेना की भूमिका को याद दिलाया और कहा कि उस समय मोदी और शाह कहीं छिपे हुए थे। उन्होंने  वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और कहा कि यह विधेयक उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाया गया है। राउत ने चेतावनी दी कि अगर आज मुसलमानों की संपत्ति जा रही है, तो कल अन्य धर्मों के लोगों की संपत्ति भी खतरे में पड़ सकती है।

शिंदे के बयान पर पलटवार
संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें शिंदे ने कहा था कि कुछ लोग मजाक उड़ाते थे कि ‘मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे’, लेकिन मोदी ने मंदिर बनवाया और उसका लोकार्पण भी किया। राउत ने शिंदे को ‘एसंशि’ (एकनाथ संभाजी शिंदे) बताते हुए कहा कि उन्हें इतिहास का ज्ञान नहीं है और वे झूठे हैं। राउत ने कहा कि शिंदे कभी बेळगाव के आंदोलन में नहीं थे, लेकिन अब कह रहे हैं कि वे वहां थे।

बाबरी विध्वंस मामले में शिवसेना की भूमिका को दोहराया
राउत ने बाबरी विध्वंस मामले में शिवसेना की भूमिका को दोहराया। उन्होंने कहा कि शिवसेना इस मामले में सबसे आगे थी। जबकि मोदी और शाह कहीं अंडरग्राउंड थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे कहीं ढोकला खा रहे होंगे। राउत ने कहा कि उनके ऊपर चार्जशीट है और वे सीबीआई कोर्ट में पेश भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे’ यह नारा शिवसेना का था। शायद शिंदे को यह बात पता नहीं है। राउत ने आरोप लगाया कि मोदी सिर्फ देश को बेचने का काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के माध्यम से और लाखों कारसेवकों के बलिदान से यह मंदिर बना है। न कि उन XXX के सहयोग से जो भाग गए।

वक्फ संशोधन विधेयक पर सरकार को घेरा
राउत ने वक्फ बोर्ड के संशोधन विधेयक पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शिवसेना के लिए यह विषय खत्म हो चुका है। कुछ लोग कोर्ट में गए हैं और अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि यह विधेयक असंवैधानिक है और संविधान के कई अनुच्छेदों का उल्लंघन करता है। राउत ने कहा कि कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह विधेयक सुप्रीम कोर्ट में नहीं टिकेगा। शिवसेना ने इस विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। राउत ने कहा कि इस विधेयक का कोई धार्मिक आधार नहीं है। यह विधेयक समान नागरिक संहिता या हिंदुत्व से भी कोई संबंध नहीं रखता है। इसका संबंध सिर्फ संपत्ति से है। राउत ने आरोप लगाया कि सरकार के कुछ लोग और उनके चहेते उद्योगपति जमीनों को हड़पना चाहते हैं, इसलिए यह विधेयक लाया गया है।

राउत ने दी चेतावनी
राउत ने कहा कि झूठ बोलने से अच्छा है कि सच की कॉपी कर ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आज मुसलमानों की संपत्ति जा रही है, तो कल ईसाई, पारसी और जैनों की संपत्ति भी जा सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में बोधगया पर भी दावा किया जा सकता है और चैत्यभूमि(भारतरत्न डॉ भीमराव आंबेडकरकी समाधि स्थली) के पास की जमीन भी छीनी जा सकती है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button