खेल

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया का हो सकता है ऐलान, कोहली- रोहित के भविष्य पर होगी चर्चा

नई दिल्ली. बीसीसीआई के अधिकारी और सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अजीत अगरकर आज मुंबई में ऑस्ट्रेलिया दौरे की रिव्यू मीटिंग करेंगे. इसमें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी शामिल होंगे. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत का प्रदर्शन खराब रहा.टीम इंडिया को सीरीज में 1-3 से हार मिली. इस बैठक में विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य पर गहन चर्चा की जाएगी. न्यूजीलैंड (घरेलू) और ऑस्ट्रेलिया (विदेश) के खिलाफ लगातार सीरीज में हार तथा लचर बल्लेबाजी के कारण कोहली और रोहित पर सवाल उठने लग गए हैं.

पीटीआई को पता चला है कि बीसीसीआई की बैठक में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी. इसमें मुख्य रूप से बदलाव का दौर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले या उसके बाद शुरू करने पर चर्चा होगी. हालांकि पूरी संभावना है कि इन दोनों सीनियर बल्लेबाजों को वनडे चैंपियंस ट्रॉफी में खुद को साबित करने का एक और मौका मिलेगा. यह एक ऐसा प्रारूप जिसमें उन्होंने हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. वे इस तथ्य पर भी गौर कर सकते हैं कि कोहली और रोहित दोनों ने 2023 में भारत में खेले गए विश्व कप के बाद 2024 में सिर्फ तीन वनडे मैच खेले हैं.

विराट-रोहित आखिरी बार वनडे में श्रीलंका के खिलाफ साथ खेले थे
इन दोनों ने यह तीनों मैच श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले थे. कोहली ने इन मैच में 24, 14 और 20 रन जबकि रोहित ने 58, 64 और 35 रन बनाए थे. लेकिन कुल मिलाकर, कोहली 50 ओवरों में चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं. चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन से यह दोनों खिलाड़ी अच्छी मानसिक स्थिति में लौट सकते हैं. जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है तो स्थिति पूरी तरह से भिन्न है. भारत को अपनी अगली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ खेलनी है और इससे पहले कोहली और रोहित के खराब प्रदर्शन की समीक्षा जरूर की जाएगी. ऑस्ट्रेलिया के दौरे में पर्थ में शतक लगाने के बावजूद कोहली 23.75 की औसत से केवल 190 रन ही बना सके. दूसरी तरफ पहले और पांचवें टेस्ट में नहीं खेलने वाले रोहित ने पांच पारियों में 6.2 की औसत से 31 रन बनाए.

भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के मैच यूएई में खेलेगी
इसी तरह संभव है कि गंभीर के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ के प्रदर्शन की भी समीक्षा की जाए.उनसे बदलाव के इस दौर में उनकी योजनाओं के बारे में पूछा जा सकता है. समीक्षा बैठक के अलावा अगरकर के नेतृत्व में चयनकर्ता शनिवार शाम को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम चुनने के लिए भी बैठक करेंगे. भारत अपने सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेलेगा और 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मैच के साथ अभियान की शुरुआत करेगा. टीम की घोषणा 12 जनवरी तक करनी है. चयनकर्ता बैठक के दौरान पीठ की ऐंठन से उबर रहे स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के फिटनेस स्तर का आकलन करेंगे.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button