खेल

अभिषेक-गिल के तूफान के आगे ठंडी हुई पाकिस्तान के बदले की आग, टीम इंडिया ने फिर फहराई विजय पताका

भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप के सुपर-4 चरण की शुरुआत जीत के साथ करते हुए अपने पहले मैच में पाकिस्तान को पटखनी दी। टीम इंडिया की इस जीत में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की तूफानी पारी का अहम रोल रहा। पाकिस्तान की तरफ से साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक जमाया जो जाया चला गया।

  1. IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को एक और बार दी पटखनी
  2. IND vs PAK: अभिषेक शर्मा ने जमाया तूफानी अर्धशतक
  3. IND vs PAK: साहिबजादा फरहान का अर्धशतक गया बेकार

नई दिल्ली। एशिया कप-2025 में पिछले रविवार 14 सितंबर को मिली हार और उसके बाद हुए घटनाक्रम को देखते हुए पाकिस्तानी टीम इस रविवार को बदले की आगे लेकर उतरी थी। उसने बल्लेबाजी में अच्छा खेल दिखाकर टीम इंडिया को 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर भी दिया। इसके बाद अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की तूफानी पारियों ने पाकिस्तान की बदले की आग के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में छह विकेट की हार देकर ठंडा कर दिया।

भारत ने टारगेट 18.4 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल करते हुए पाकिस्तान को एक बार फिर धूल चटाई। ये हार पाकिस्तान के जख्मों पर नमक की तरह है। पहले मैच में टीम इंडिया के हाथ न मिलाने के बाद पाकिस्तान ने अपनी पावर दिखाने की काफी कोशिश की और उसकी हर कोशिश नाकाम हुई। इसके बाद उसके पास एक ही चारा बचा था और वो था इस मैच को जीतना। पाकिस्तानी खिलाड़ी इस काम को भी अंजाम नहीं दे सके।

अभिषेक और गिल ने उड़ाया गर्दा

पाकिस्तान का घमंड तो अभिषेक शर्मा ने शाहीन शाह अफरीदी द्वारा फेंके गए पहले ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का मार तोड़ दिया था। अभिषेक यहां से रुके नहीं। गिल ने भी उनका साथ दिया और तेजी से रन बनाए। अफरीदी की गेंदों की गिल ने भी जमकर धुनाई की। सैम अयूब और अबरार अहमद की फिरकी भी इन दोनों को रोक नहीं सकी।

10 ओवरों में ही भारत का स्कोर 100 के पार था और उसके दोनों ओपनर क्रीज पर थे। अभिषेक अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे। गिल अपना अर्धशतक पूरा करने के करीब थे तभी फहीम अशरफ ने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्हें पवेलियन भेज दिया। गिल ने 28 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 47 रन बनाए।

कप्तान फिर फेल

सूर्यकुमार इस मैच में तीन गेंदों पर बिना खाता खोले आउट हो गए। हारिस राऊफ ने उन्हें 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर अबरार अहमद के हाथों कैच कराया। अभिषेक अपनी तूफानी बैटिंग से पाकिस्तान के लिए परेशानी बने हुए थे। 13वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने अबरार पर जोरदार छक्का मारा। हालांकि, अगली ही गेंद पर वह हारिस रऊफ के हाथों लपके गए। उन्होंने 39 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्कों की मदद से 74 रन बनाने में सफल रहे।

संजू सैमसन को भी रऊफ ने पवेलियन की राह दिखाई। संजू 17वें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड हो गए। संजू ने 17 गेंदों पर 13 रन बनाए। यहां भारत को 20 गेंदों पर 24 रनों की जरूरत थी। तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने इन जरूरी रनों को बना भारत को जीत दिलाई। तिलक ने नाबाद 30 रनों की पारी खेली जिसमें 19 गेंदों का सामना कर दो चौके और दो छक्के मारे। ये दोनों छक्के उन्होंने शाहीन पर मारे। तिलक ने ही चौका मार भारत को जीत दिलाई। पांड्या सात गेंदों पर एक चौके की मदद से सात रन बनाकर नाबाद रहे। 

पाकिस्तान ने किया बदलाव

पाकिस्तान ने इस मैच में अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। साहिबजादा फरहान के साथ अयूब की जगह फखर जमां पारी की शुरुआत करने आए। फखर ने दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह पर दो चौके मार भारत को परेशानी में डाल दिया। अपने मंसूबों को वह पूरी तरह से अंजाम देते उससे पहले हार्दिक पांड्या ने उन्हें तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच करा दिया।

फखर को लगा था कि गेंद संजू से आगे गिरी है। मैदानी अंपायर भी पक्के नहीं थे और इसलिए तीसरे अंपायर का सहारा लिया गया। रिप्ले में साफ दिखा कि संजू ने क्लीन कैच लपका है। हालांकि, फखर निराश थे। वह नौ गेंदों पर 15 रन बनाकर लौट दिए। बीते तीन मैचों में बिना खाता खोले आउट होने वाले अयूब ने इस मैच में खाता खोल लिया। उन्होंने दूसरे सलामी बल्लेबाज फरहान के साथ मिलकर पारी को संभाला। फरहान तेजी से रन बना रहे थे। उनको जीवनदान भी मिल चुके थे।

पाकिस्तान का स्कोर 93 रन था तब उसे दूसरा झटका लग गया। शिवम दुबे की गेंद पर अभिषेक ने अयूब का शानदार कैच लपका। अयूब 17 गेंदों पर 21 रन ही बना सके। यहां से भारतीय टीम हावी हो गई। उसने पाकिस्तान को रन तो नहीं बनाने दिए और विकेट भी निकाले। हुसैन तलत 10 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने। फरहान अर्धशतक पूरा करने के बाद शिवम की गेंद पर सूर्यकुमार को कैच दे बैठे।

आखिरी ओवरों में पाकिस्तान की वापसी

आखिरी तीन ओवरों में पाकिस्तान ने फिर वापसी की और तेजी से रन बनाए। यहां मोहम्मद नवाज लापरवाही के चलते रन आउट हो गए। उन्होंने 19 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए। कप्तान सलमान ने 13 गेंदों पर नाबाद 17 और फहीम अशरफ ने आठ गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से नाबाद 20 रन बनाते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

भारतीय टीम ने इस मैच में कुल पांच कैच छोड़े और अगर ऐसा नहीं होता तो बहुत संभावना है कि पाकिस्तान 150 के पहले ही रुक जाती।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button