T20 World Cup 2026: आज सुपर-8 के अभ्यास के लिए खेलेगा भारत, नीदरलैंड से होगी भिड़ंत

एजेंसियां— अहमदाबाद
भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 चरण के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार अपने तीनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में मजबूत स्थिति बनाई। पिछले रविवार को खेले गए हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी। अब भारत का अगला मुकाबला नीदरलैंड के खिलाफ बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। नीदरलैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है, ऐसे में इस मैच का महत्व दोनों टीमों के लिए अलग-अलग कारणों से खास रहेगा। भारतीय टीम प्रबंधन इस मुकाबले में कुछ खिलाडिय़ों को आराम दे सकता है। लगातार मैच खेलने के कारण प्रमुख खिलाडिय़ों का वर्कलोड भी ध्यान में रखा जा रहा है। ऐसे में बेंच पर बैठे खिलाडिय़ों को मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है। इसी क्रम में स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की वापसी पर भी नजरें टिकी हैं, जो अभी तक इस टूर्नामेंट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। वॉशिंगटन सुंदर वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान साइड स्ट्रेन का शिकार हो गए थे। इस चोट के कारण वह लंबे समय तक मैदान से दूर रहे और टूर्नामेंट शुरू होने तक पूरी तरह फिट नहीं हो सके।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले संकेत दिए थे कि सुंदर नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के लिए चयन के उपलब्ध रहेंगे, लेकिन उस मैच में भी उन्हें मौका नहीं मिल सका। वहीं, अक्षर पटेल ने अमरीका के खिलाफ मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर दो विकेट लिए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के रहते तीसरे स्पिनर की जरूरत कम ही पड़ती है, यही वजह है कि फिट होने के बावजूद वॉशिंगटन को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिल पाई। संभावना है कि हार्दिक पांड्या या शिवम दुबे में से किसी एक को आराम दिया जाए और वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिले। नीदरलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए जहां तैयारी को मजबूत करने का अवसर होगा, वहीं कुछ खिलाडिय़ों के लिए खुद को साबित करने का भी बड़ा मंच साबित हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन अंतिम एकादश में किस तरह के बदलाव करता है।
भारत— सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज
नीदरलैंड— स्कॉट एडवड्र्स (कप्तान और विकेटकीपर), कॉलिन एकरमैन, नोआ क्रोएस, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, जैक लायन-कैचेट, मैक्स ओ डॉड, लोगन वैन बीक, टिम वैन डेर गुग्टेन, रोएलॉफ वैन डेर मेरवे, पॉल वैन मीकेरेन, साकिब जुल्फिकार



