अंतर्राष्ट्रीय

अमरीकी हमले से दहल गया सीरिया ISIS के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक…मचा हडक़ंप

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीकी सेना ने सीरिया में सक्रिय आतंकी संगठन आईएसआईएस के बचे हुए नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से अपनी सैन्य कार्रवाई को और अधिक भीषण कर दिया है। अमरीकी सेंट्रल कमांड की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, तीन से 12 फरवरी 2026 के बीच अमरीकी बलों ने सीरिया में 10 सटीक और घातक हवाई हमले किए।

इन अभियानों के दौरान आईएसआईएस से जुड़े 30 से अधिक ठिकानों को सफलतापूर्वक तबाह कर दिया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इन हमलों का उद्देश्य आतंकियों के ठिकानों, हथियार भंडारों और लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम को कमजोर करना था ताकि संगठन दोबारा संगठित न हो सके। इन सैन्य ऑपरेशनों में लड़ाकू विमानों रोटरी-विंग विमानों और मानवरहित ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। अमरीकी सेना ने ‘प्रिसिजन म्यूनिशन’ (सटीक निशाना लगाने वाले हथियार) का उपयोग करते हुए आईएसआईएस के हथियारों के भंडारण केंद्रों और उनके बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। इससे पहले 27 जनवरी से 2 फरवरी के बीच भी अमरीकी सेना ने पांख् हमले किए थे, जिनमें आतंकियों के संचार केंद्रों और रसद केंद्रों को भारी नुकसान पहुंचाया गया था।

दो अमरीकी सैनिक मरे

यह पूरी सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ के तहत की जा रही है। इस विशेष ऑपरेशन को 13 दिसंबर 2025 को पलमीरा में अमरीकी और सीरियाई बलों पर हुए हमले के जवाब में शुरू किया गया था। उस समय आईएसआईएस के घात लगाकर किए गए हमले में दो अमरीकी सैनिक और एक अनुवादक शहीद हो गए थे।

दो महीनों में बड़ी कामयाबी

पिछले दो महीनों से चल रहे लक्षित सैन्य अभियान के प्रभावशाली नतीजे सामने आए हैं। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 50 से ज्यादा इस्लामिक स्टेट आतंकियों को या तो मार गिराया गया है या गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा संगठन से जुड़े 100 से अधिक ठिकानों और ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया है।

आईएसआईएस को झटका

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया जिससे आतंकी नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा है। पेंटागन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आतंकियों को दोबारा संगठित होने से रोकने के लिए सैन्य दबाव लगातार बनाए रखा जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button