उत्तरप्रदेश

तेज रफ्तार कार तालाब में गिरी, एक बच्चे समेत 4 लोगों की मौत

कानपुर देहात में एक बार फिर तेज रफ्तार ने 4 जिंदगियां छीन लीं. तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहा एक ही परिवार हादसे का शिकार हो गया. मारुति ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी, जिससे एक मासूम बच्चे समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई.

तेरहवीं से लौटते वक्त हुआ हादसा

ग्रामीणों के मुताबिक कार में कुल 10 लोग सवार थे. सभी लोग तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि शिवली-रनियां मार्ग पर एक अंधा मोड़ है, जहां चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया. तेज रफ्तार के कारण गाड़ी सीधे सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी.

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में एक मासूम समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य थे. परिवार में खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया.

घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए. हालात देखकर किसी ने भी देर नहीं की और कई युवक तालाब में कूद पड़े. उन्होंने पानी में डूबी कार के दरवाजे खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. कुछ लोग रस्सी और डंडों की मदद से बचाव में जुटे रहे. थोड़ी ही देर में पुलिस भी पहुंच गई और ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य को तेज कर दिया.

घायलों का चल रहा इलाज

सभी घायलों को तुरंत सीएचसी शिवली में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. लोग तेज रफ्तार और अंधे मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button