राजनीति

भारतीय नागरिक बनने से पहले ही सोनिया गांधी का नाम वोटर लिस्ट में शामिल? 10 सितंबर को कोर्ट में सुनवाई

दिल्ली की एक अदालत में सोनिया गांधी के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। विकास त्रिपाठी नाम के शख्स ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिक बनने से पहले ही मतदाता सूची में शामिल था। यह शिकायत अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) वैभव चौरसिया के समक्ष लगाई है।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की एक अदालत में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। यह मामला भारतीय नागरिकता और वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने से जुड़ा है। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक यह शिकायत एक शख्स विकास त्रिपाठी ने राउज एवेन्यू कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) वैभव चौरसिया के समक्ष लगाई है। इस मामले में अब 10 सितंबर को अगली सुनवाई होगी।

भारत का नागरिक बनने से पहले सोनिया गांधी बन गई थीं वोटर

विकास त्रिपाठी के वकील का आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिक बनने से 3 साल पहले मतदाता सूची में शामिल था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया गया था, 1982 में फिर हटा दिया गया जबकि वह अप्रैल 1983 में भारत की नागरिक बनी थीं।

वकील बोले- जाली दस्तावेज का मामला बन रहा

वकील ने आगे कहा कि 1980 में मतदाता सूची में उनका नाम शामिल होने का मतलब है कि कुछ जाली दस्तावेज जमा किए गए थे और यह एक संज्ञेय अपराध का मामला है। इसलिए, उन्होंने अदालत से प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश देने का अनुरोध किया। त्रिपाठी के वकील द्वारा दलीलें पूरी करने के बाद, अदालत ने कहा कि मामले पर अगले सप्ताह फिर से विचार किया जाएगा। गांधी या दिल्ली पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक नोटिस जारी नहीं किया गया है।

इससे पहले बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी उठाया था सवाल

पिछले महीना बीजेपी नेता अमित मालवीय ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय मतदाता सूची में जोड़ने में चुनावी कानूनों का घोर उल्लंघन किया गया। मालवीय ने दावा किया कि सोनिया गांधी का नाम वोटर लिस्ट में 1980 में ही जोड़ दिया गया जबकि वह भारत की नागरिक 1983 में बनी थीं। यानी सोनिया गांधी का वोटर लिस्ट में दो बार नाम जुड़ा।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button