अमेठी में स्मृति ईरानी को लग सकता है झटका! क्या कहता है School Of Politics का Exit Poll?

Amethi Lok Sabha Exit Poll : लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है और अब लोगों की नजर कल यानी 4 जून पर टिकी हुई है जब मतों की गणना की जाएगी और परिणाम सामने आएंगे। कल शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस बार केंद्र में किसकी सरकार बन रही है। इससे पहले 1 जून को अंतिम चरण का मतदान खत्म होने के बाद एग्जिट पोल्स जारी हुए थे। इनमें से अधिकांश में नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एनडीए को लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ जीत की ओर आगे बढ़ता दिखाया गया है। भाजपा के लिए ओवरऑल तो एग्जिट पोल्स की तस्वीर अच्छी रही है लेकिन कुछ अहम सीटों पर उलट-पलट होने के आसार भी जताए गए हैं।
अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा ने एक बार फिर अपनी फायरब्रांड नेता स्मृति ईरानी को उम्मीदवार बनाया है। उनके सामने कांग्रेस के राहुल गांधी की जगह किशोरी लाल शर्मा हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में स्मृति ने राहुल गांधी को चुनौती दी थी और पूरे सियासी जगत को चौंकाते हुए शानदार जीत भी हासिल की थी। इस बार भी भाजपा ने उन पर भरोसा जताया है। ईरानी और उनके समर्थकों समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस बार भी भरोसा जताया है कि जनता उन्हें जिताएगी। लेकिन, एक एग्जिट पोल में तस्वीर उलटी नजर आई है। इस एग्जिट पोल में अमेठी सीट से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा को जीतते हुए दिखाया गया है। बता दें कि यह एग्जिट पोल स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स का है।


