क्रिस्टल डिसूजा को गोद में लेकर ‘शरारत’ पर नाचीं ‘बहना’ निया शर्मा, मौका देख ऋत्विक भी बीच में घुसे

एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा रविवार को अपना बर्थडे मना रही थीं और इस मौके को यादगार बनाने के लिए उन्होंने अपनी करीबी दोस्तों के साथ खूब मस्ती की, जिनमें उनकी सबसे अच्छी दोस्त यानी कि बेस्ट फ्रेंड निया शर्मा भी शामिल थीं। बर्थडे पार्टी में क्रिस्टल और निया को फिल्म ‘धुरंधर’ के क्रिस्टल के मशहूर गाने ‘शरारत’ पर थिरकते हुए देखा गया। दोनों की मस्ती भरी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए निया ने कैप्शन में लिखा, ‘बहना का जन्मदिन है… थोड़ी और शरारत उसके अंदाज में, क्योंकि बहना ज्यादा अच्छी, समझदार और हॉट है!!’
बर्थडे गर्ल क्रिस्टल डिसूजा सिल्वर सेक्विन ड्रेस में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं निया ने इस मौके पर ब्लैक क्रॉप टॉप और मैचिंग पैंट पहनी थी। आपको याद दिला दें कि क्रिस्टल और निया ने टीवी सीरियल ‘एक हजारों में मेरी बहना है’ में जीविका और मानवी बहनों का किरदार निभाया था और तब से उनकी दोस्ती बेहद गहरी है।
‘शरारत’ गाने पर बहनों का डांस
‘शरारत‘ गाने की बात करें तो, इस गाने को जैस्मीन सैंडलस और मधुबंती बागची ने गाया है। जैस्मीन सैंडलस के लिखे गए लिरिक्स के साथ, इस जोशीले गाने का संगीत शशवत सचदेव ने तैयार किया है। ‘शरारत’ के म्यूजिक वीडियो में क्रिस्टल और आयशा खान ने आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने पर अपने शानदार डांस मूव्स दिखाए थे।
‘शरारत’ गाने की सफलता
फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता के साथ-साथ, ‘शरारत’ गाने के भी अलग-अलग फैंस हैं। इसे अब तक यूट्यूब पर 31 करोड़ 4 लाख से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे खूब लोकप्रियता मिली है, जहां बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस ने भी अपने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में इस गाने पर डांस किया है।
‘धुरंधर पार्ट 2’ रिलीज और कास्ट
इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म को मिली जबरदस्त सफलता के बाद, 19 मार्च को ‘धुरंधर पार्ट 2’ रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसमें रणवीर सिंह लीड रोल में हैं। साथ ही, संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी होंगे।



