‘साहब इनके पेट में सोना है…’ लखनऊ एयरपोर्ट पर मच गई अफरा-तफरी, 30 तस्कर हो गए रफूचक्कर

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की कस्टडी से तीस तस्करों के फरार होने के मामला का पता चला है. वहीं इस घटना को लेकर कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम के सहायक आयुक्त एके सिंह समेत आठ अफसरों को हटा दिया गया है. सभी अफसरों को एयरपोर्ट से हटाकर मुख्यालय अटैच किया गया है.
दरअसल, बीते 1 अप्रैल को शारजाह से आ रही फ्लाइट में तस्कर सवार थे और लखनऊ एयरपोर्ट पर उतर गए. उनके पास से कस्टम विभाग ने 3 करोड़ की अवैध सिगरेट बरामद की गई थी. जब इनसे पूछताछ की जा रही थी तो पता चला कि कई तस्कर पेट में सोना लेकर आए हैं. फिर सभी संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई. इस बीच एक तस्कर की तबीयत खराब होने लगी तो हड़कंप मच गया. वहीं इस अफरा-तफरी के माहौल में 30 तस्कर मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. इस मामले में कस्टम सहायक आयुक्त ने मामले में एफआईआर दर्ज करवाई.
फरार तस्करों के नाम-पते के आधार पर तलाश जारी है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कस्टम विभाग ने उनके पास से करीब 25 लाख रुपये नगद बरामद किया था और सभी को एयरपोर्ट की कड़ी सुरक्षा में रखा गया था. हालांकि इसके बाद भी सभी फरार हो गए. घटना के बाद लखनऊ पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और तस्करों की तलाश में जुट गई. रिपोर्ट में भी यह बताया गया है कि सोने की कीमत करीब 3 करोड़, 12 लाख, 60 हजार रुपये है. इस बात का जिक्र कस्टम विभाग के सहायक आयुक्त एके सिंह की तरफ से दर्ज करवाई गई FIR में भी है.


