उत्तरप्रदेश

शिवपाल ने पूजा पाल पर किया तीखा हमला, कहा- ‘केशव मौर्य जैसा होगा हाल’, ‘कभी नहीं बन पाएंगी विधायक’

Etawah News: समाजवादी पार्टी (सपा) से निकाली गईं विधायक पूजा पाल को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता और महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा बयान दिया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इटावा पहुंचे शिवपाल यादव ने कहा कि पूजा पाल का हाल भी भाजपा के डिप्टी सीएम केशव मौर्य जैसा होगा यानी अब वह कभी दोबारा विधायक नहीं बन पाएंगी। यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ ही दिन पहले समाजवादी पार्टी ने पूजा पाल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निकाल दिया था।

कौन हैं पूजा पाल?
पूजा पाल, 2005 में मारे गए विधायक राजू पाल की पत्नी हैं। पति की हत्या के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और पहले बसपा से चुनाव लड़ा। बाद में वह सपा में शामिल हो गईं और 2022 में चायल विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं। हाल के महीनों में उन्होंने पार्टी लाइन से हटकर बयान देने शुरू किए थे, जिसके चलते सपा ने उन्हें बाहर कर दिया।

शिवपाल यादव का सरकार और योगी पर हमला
इटावा में पत्रकारों से बात करते हुए शिवपाल यादव ने ना सिर्फ पूजा पाल पर निशाना साधा, बल्कि योगी आदित्यनाथ सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री झूठे वादे करते हैं और आठ साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। प्रदेश में किसान, बिजली, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे गंभीर बने हुए हैं। यूपी को अब नौकरशाही के हवाले छोड़ दिया गया है। विधानसभा सत्र को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पूरा साल 45 बैठकें होनी चाहिए, लेकिन सरकार सिर्फ चार दिन का सत्र रखती है, जिसमें वही पुराने भाषण दोहराए जाते हैं। लखनऊ की सड़कों को लेकर भी उन्होंने कहा, “दो दिन की बारिश में स्मार्ट सिटी की पोल खुल गई है, तो सोचिए पूरे प्रदेश का क्या हाल होगा।

पूजा पाल का पलटवार: योगी की तारीफ, अखिलेश पर हमला
सपा से निकाले जाने के बाद पूजा पाल ने अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि पीड़ित महिलाओं की आवाज हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि योगी ने प्रयागराज में कई पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया है। पूजा पाल ने कहा, “जब मैं पार्टी में थी, तब भी योगी जी की तारीफ करती थी, क्योंकि जो सही है, उसे सही ही कहूंगी।”

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button