व्यापार

शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स ने लगाई 1,000.36 अंकों की छलांग

Stock Market: गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी दर्ज की गई. सेंसेक्स 1,000.36 अंक चढ़कर 83,755.87 और निफ्टी 304.25 अंक बढ़कर 25,549.00 पर बंद हुआ. टाटा स्टील, श्रीराम फाइनेंस और भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही. विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी ने समेकन क्षेत्र को पार किया है और आगे 150-200 अंकों की और बढ़त संभव है. एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख रहा जबकि ब्रेंट क्रूड में हल्की तेजी देखी गई.

 इजराइल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार उछाल दर्ज किया गया. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1.21% या 1000.36 अंकों की छलांग लगाकर 83,755.87 अंकों पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 1.21% या 304.25 अंकों की बढ़त के साथ 25,549.00 अंक पर पहुंच गया. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स ने 163.27 अंक चढ़कर 82,918.78 अंक पर और एनएसई निफ्टी ने 64.35 अंक की बढ़त के साथ 25,309.10 अंक पर कारोबार की शुरुआत की थी.

बीएसई में टाटा स्टील के शेयर मजबूत

शेयर बाजार के कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 23 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए. इनमें से टाटा स्टील के शेयर में सबसे अधिक मजबूती देखी गई. मुनाफे में रहने वाले दूसरे शेयरों में बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, जोमैटो, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और टाटा मोटर्स शामिल हैं. हालांकि, नुकसान में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया, टीसीएस, सनफार्मा और इन्फोसिस शामिल हैं.

एनएसई में श्रीराम फाइनेंस टॉप गेनर

एनएसई निफ्टी में सूचीबद्ध 50 कंपनियों में से 39 के शेयर हरे निशान और 11 शेयर लाल निशान पर बंद हुए. इनमें सबसे अधिक मुनाफा श्रीराम फाइनेंस को हुआ. लाभ में रहने वाले दूसरे शेयरों में जियो फाइनेंस, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और हिंडाल्को शामिल हैं. नुकसान में रहने वाले शेयरों में डॉ रेड्डी, टेक महिंद्रा, विप्रो, भारतीय स्टेट बैंक और हीरो मोटोकॉर्प प्रमुख हैं.

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि निफ्टी ने हाल के कुछ दिनों से चल रहे उतार-चढ़ाव के दायरे को पार कर लिया है, जो बाजार में निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है. मासिक एक्सपायरी से पहले पुट ऑप्शन की खरीद और कॉल ऑप्शन की बिकवाली ने भी तेजी के संकेत दिए थे. अब जब निफ्टी ऊपर की दिशा में निकल चुका है, तो इसमें और 150-200 अंकों की तेजी आ सकती है. फिलहाल, निफ्टी को नीचे की तरफ 25,300 से 25,350 के बीच समर्थन मिल सकता है.

एशिया के दूसरे बाजारों का हाल

एशिया के दूसरे बाजारों की बात करें, तो जापान का निक्केई बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और हांगकांग के हैंगसेंग में कमजोर रुख देखा गया. यूरोपीय बाजारों में सकारात्मक रुख बना हुआ है. अमेरिकी बाजार बुधवार के साथ बढ़त के साथ बंद हुआ था. वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.31% की तेजी के साथ 67.89 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button