राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर के डोडा में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मारा गिराया

भद्रवाह/जम्मू, 26 जून (भाषा)

Jammu and Kashmir encounter: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में बुधवार को जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी जिले में 11 और 12 जून को हुए दोहरे आतंकवादी हमले के बाद पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा गहन तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा था।

इसी तलाशी अभियान के दौरान सुबह नौ बज कर 50 मिनट पर गंडोह क्षेत्र के बजाद गांव में गोलीबारी शुरू हुई। चत्तरगल्ला में एक संयुक्त जांच चौकी पर 11 जून को आतंकियों के हमले में छह सुरक्षा कर्मी घायल हो गए थे, जबकि अगले दिन गंडोह क्षेत्र के कोटा टॉप पर आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था।

दोहरे आतंकी हमले के बाद से ही घाटी में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया है। उन चार आतंकवादियों पर पांच-पांच लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया है जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे घुसपैठ के बाद जिले में सक्रिय हैं।

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों की मदद से पुलिस ने सिनू पंचायत गांव में आंतकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया, लेकिन एक ‘ढोक’ (मिट्टी के घर) में छिपे आतंकवादियों की ओर से भारी गोलीबारी की गई। एक आतंकी ने बाहर आकर सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

तभी सुरक्षाबलों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी थी। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए सेना का एक हेलीकॉप्टर भी इलाके में चक्कर लगाते नजर आया है।

इसी बीच, अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के चिंगस इलाके के पिंड गांव से एक चीनी हथगोला बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों के गश्ती दल ने मंगलवार शाम को यह ग्रेनेड बरामद किया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button