सेबी के नए प्लान से पूंजी जुटाने नया तरीका बनाए गा आसान

बिजनोस डेस्कः उद्योग संगठन फिक्की द्वारा आयोजित वार्षिक पूंजी बाजार सम्मेलन में सेबी की चेयरपर्सन माधवी पुरी बुच ने कहा, “पूंजी बाजार की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका पूंजी निर्माण की होती है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि वैश्विक स्तर पर भारत आईपीओ और अन्य निर्गम जारी करने की संख्या के आधार पर पहले स्थान पर है।
“भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) से प्राथमिक बाजारों को जल्द ही और प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए आवेदन की प्रक्रिया को अधिक सरल और सुव्यवस्थित करने तथा सूचीबद्ध कंपनियों के लिए पूंजी जुटाने का एक नया तरीका तैयार किया जा रहा है। इससे कंपनियां कम समय में पूंजी जुटाने में सक्षम हो सकेंगी, जिससे निजी पूंजीगत खर्च को बढ़ावा मिलेगा।
बाजार में तेजी का फायदा उठाते हुए विभिन्न कंपनियों ने IPO, राइट निर्गम और पात्र निजी नियोजन (QIP) के माध्यम से इस साल अब तक लगभग 1 लाख करोड़ रुपए जुटा लिए हैं।
बुच ने कहा कि ज्यादा पूंजी जुटाने के लिए कंपनियों को प्रोत्साहित करने के वास्ते सेबी जल्द ही नई व्यवस्था करेगी। इसके तहत निर्गम दस्तावेज के लिए नियामक ‘सरल’ प्रारूप पेश करेगा जिसमें रिक्त स्थान को भरने जैसा आसान तरीका होगा और जटिलताओं को समझाने के लिए एक अलग भाग होगा। बुच ने यह भी घोषणा की कि सेबी पूंजी जुटाने के एक नए तरीके पर काम कर रहा है जो राइट निर्गम और QIP को संचालित करने वाले ढांचे की तरह होगा।
सेबी प्रमुख ने कहा कि बड़ी तादाद में आईपीओ आवेदनों को देखते हुए नियामक इसकी जांच-परख और मंजूरी में लगने वाले समय को कम करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि आईपीओ दस्तावेज की मंजूरी में लगने वाला समय कम हुआ है मगर अपूर्ण दस्तावेज, आवेदनों में विसंगति या आंतरिक जांच-परख के कारण कुछ देर होती है।



