रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता WPL में पहला खिताब:दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया, सोफी मोलेनिक्स प्लेयर ऑफ द फाइनल

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 18.3 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में बेंगलुरु ने 19.3 ओवर में 2 विकेट पर टारगेट चेज कर लिया। एलिस पेरी ने नाबाद 35 रन और ऋचा घोष ने नाबाद 17 रन का योगदान दिया। सोफी डिवाइन ने 32 और कप्तान स्मृति मंधाना ने 31 रन बनाए।
इससे पहले, दिल्ली की ओपनर शेफाली वर्मा ने 27 बॉल पर 44 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान मेग लेनिंग ने 23 रन का योगदान दिया। श्रेयांका पाटिल ने 4 विकेट झटके, जबकि सोफी मोलेनिक्स ने एक ओवर में 3 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मंधाना-डिवाइन ने रखी जीत की नींव, ऋचा ने चौके से जिताया
बेंगलुरु की बैटर्स ने 114 रन का आसान टारगेट बड़े ही संयमित ढ़ंग से चेज किया। टीम की जीत की नींव कप्तान स्मृति मंधाना और सोफी डिवाइन की ओपनिंग जोड़ी ने रखी। दोनों ने 49 बॉल पर 49 रन की ओपनिंग साझेदारी की। उसके बाद कप्तान ने एलिस पेरी (नाबाद 35 रन) के साथ टीम का स्कोर 82 रन पहुंचाया।
यहां स्मृति के आउट होने के बाद पेरी ने कमान संभाली और ऋचा घोष (नाबाद 17 रन) के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। दिल्ली की ओर से शिखा पांडे और मिन्नु मनी को एक-एक विकेट मिला।
मजबूत शुरुआत के बाद बिखरी दिल्ली की टीम
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली को शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लेनिंग ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों 43 बॉल पर 64 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। यहां से लग रहा था टीम बड़ा स्कोर खड़ा करेगी, लेकिन ओपनर शेफाली वर्मा के आउट होते ही विकेट गिरने का सिलसिता शुरू हो गया।
टीम ने अगले 9 विकेट 55 रन बनाने में गंवा दिए। कप्तान मेग लेनिंग पारी संभालने की नाकाम कोशिश की। टीम की शेष बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सकीं।



