खरीफ सीजन को लेकर CM साय की दो टूक, अफसरों से कहा – किसानों को दें मानक स्तर के खाद-बीज, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

रायपुर. आगामी खरीफ सीजन के मद्देनजर 15 जून तक प्रदेश के सभी सोसायटियों में किसानों को उनकी डिमांड के अनुसार मानक स्तर के खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए सीएम विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने एक्स पर लिखा, राज्य में खाद-बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. किसान साथियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है. इस संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सीएम साय ने आगे लिखा है कि खरीफ सीजन में किसान भाइयों को ओर से डीएपी खाद की मांग ज्यादा की जाती है. इसको ध्यान में रखते हुए डीएपी खाद की मांग के अनुरूप सतत आपूर्ति पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं.
स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में हो एंटी स्नेक वेनम
प्रदेश में जशपुर अंचल सहित ऐसे क्षेत्र जहां सर्पदंश के मामले ज्यादा आते हैं. ऐसे इलाकों के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एन्टी स्नेक वेनम की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित कराने भी सीएम साय ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों में सर्पदंश के प्रकरणों के निराकरण के लिए चिकित्सक एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, जिससे सर्पदंश की स्थिति पर पीड़ितों को तत्काल बचाया जा सके.
वर्षाजनित बीमारियों से बचाव के लिए दिए निर्देश
सीएम विष्णुदेव साय ने आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर लोगों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रदेश के सभी नलकूपों, हैंडपंपों को दुरुस्त करने, उसके साफ-सफाई और क्लोरीनेशन के छिड़काव के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. वर्षाजनित बीमारियों से बचाव के लिए प्रदेश के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केन्द्रों में सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा, राज्य में संक्रामक बीमारियों की दृष्टि से संवेदनशील गांवों और इलाकों में स्वास्थ्य विभाग का अमला लगातार निगरानी रखें.



