छत्तीसगढ़

रायपुर मेडिकल कॉलेज को एम.सी.एच. सर्जिकल ऑन्कोलॉजी की 3 सीटों को मिली मंजूरी, कैंसर मरीजों को मिलेगा उन्नत उपचार

 रायपुर। विश्व कैंसर दिवस पर पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (चिकित्सा शिक्षा -1) ने नेशनल मेडिकल कमीशन (एन.एम.सी.) को निर्देशित किया है कि रायपुर मेडिकल कॉलेज में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विषय में सुपर स्पेशलाइजेशन पाठ्यक्रम (एम.सी.एच.) की 3 सीटों को स्वीकृति दी जाए। इससे यह महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ किया जा सकेगा।

प्रदेश में कैंसर उपचार को मिलेगा नया आयाम

रायपुर मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग में पहले से एम.डी. (रेडियोथेरेपी) की 6 सीटें संचालित की जा रही हैं। अब सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विषय में सुपर स्पेशलाइजेशन पाठ्यक्रम की स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश में कैंसर मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मध्य भारत का पहला सरकारी मेडिकल कॉलेज बना रायपुर

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. आशुतोष गुप्ता ने बताया कि रायपुर मेडिकल कॉलेज मध्य भारत का पहला सरकारी चिकित्सा संस्थान बन गया है, जहां यह सुपर स्पेशलाइजेशन पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है।

महाविद्यालय के एन.एम.सी. सेल के चेयरमैन डॉ. अरविंद नेरल ने बताया कि गत वर्ष इस पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से एन.एम.सी. ने अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन ने कमियों को दूर कर पुनः अपील की। हाल ही में एन.एम.सी. के निर्देशानुसार प्रो. आशुतोष गुप्ता को नई दिल्ली भेजा गया, जहां स्टाफ, अधोसंरचना, उपकरण और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की गई। संतोषजनक मूल्यांकन के बाद एन.एम.सी. ने एम.सी.एच. पाठ्यक्रम को मंजूरी प्रदान कर दी।

कैंसर मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

  • एम.सी.एच. सर्जिकल ऑन्कोलॉजी पाठ्यक्रम के शुरू होने से कैंसर मरीजों को उन्नत शल्य चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
  • प्रदेश को सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के सुपर-विशेषज्ञ मिलेंगे।
  • चिकित्सा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और शोध के बेहतरीन अवसर उपलब्ध होंगे।

इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के कैंसर रोगियों को अत्याधुनिक उपचार की सुविधा मिलेगी और रायपुर मेडिकल कॉलेज कैंसर उपचार व शोध का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर होगा।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button