डिजिटल अरेस्ट और डिजिटल फ्रॉड से बचने के लिए सर्तक रहें-PM मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ”मन की बात कार्यक्रम” में डिजिटल अरेस्ट और डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए लोगों से सतर्क रहने कहा आह्वान करते हुए कहा कि लोगों में जागरूकता बढ़ी है, लेकिन अभी भी कई लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अपराधी निर्दोष लोगों को निशाना बना रहे हैं। कई बार किसी वरिष्ठ नागरिक की जीवनभर की जमा-पूंजी ठग ली जाती है। कभी बच्चों की फीस के लिए बचाए गए पैसे गायब हो जाते हैं। कारोबारियों के साथ भी धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आती हैं। ठग खुद को बड़ा अधिकारी बताकर फोन करते हैं और लोगों से निजी जानकारी मांग लेते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे फोन कॉल और संदेशों से सतर्क रहें।
उन्होंने अपने संबोधन में केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) और फिर से केवाईसी के बारे में भी समझाया। उन्होंने कहा कि जब बैंक केवाईसी अपडेट करने के लिए कहते हैं, तो घबराने या नाराज़ होने की जरूरत नहीं है। यह आपके बैंक खाते की सुरक्षा के लिए होता है। आज पेंशन, सब्सिडी, बीमा और यूपीआई जैसी सुविधाएं बैंक खाते से जुड़ी हैं, इसलिए समय-समय पर केवाईसी अपडेट करना जरूरी है।
पीएम मोदी ने लोगों को चेतावनी दी कि ठग फर्जी कॉल, एसएमएस और लिंक भेजकर लोगों को धोखा देते हैं। इसलिए केवाईसी या फिर से केवाईसी केवल बैंक की शाखा, आधिकारिक ऐप या अधिकृत माध्यम से ही कराएं। उन्होंने किसी को भी ओटीपी, आधार नंबर या बैंक खाते की जानकारी नहीं देने के साथ समय समय पर अपने पासवर्ड बदलते रहने की भी सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने वित्तीय साक्षरता सप्ताह मनाया था और अब यह जागरूकता अभियान पूरे साल चलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आरबीआई के संदेशों पर ध्यान दें और अपनी केवाईसी अपडेट रखें। उन्होंने ने कहा कि सही और समय पर केवाईसी कराने से खाता सुरक्षित रहता है। सशक्त नागरिक ही मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करते हैं।



