बंगाली धोती-कुर्ता में BJP मुख्यालय पहुंचे PM मोदी, बोले- गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को बहुमत दिया है। बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत पर पीएम मोदी दिल्ली में स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है, इस मौके पर पीएम मोदी बंगाली धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे।
‘गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल’
बीजेपी की जीत पर पीएम मोदी ने कहा, ‘आज का ये दिन ऐतिहासिक है। गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिल रहा है।’
प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधन में कहा, गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है। आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कमल खिला दिया। आज भरोसे की जीत का दिन है।’
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘जीत और हार लोकतंत्र और राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा हैं। लेकिन, पांच राज्यों की जनता ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि हमारा देश ‘लोकतंत्र की जननी’ क्यों है।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति है। आज न केवल लोकतंत्र की जीत हुई है, बल्कि हमारे संविधान की भी जीत हुई है। हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं की जीत हुई है।’
चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों को दिया धन्यवाद
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों का अभिनंदन करता हूं।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मैं चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मियों को और विशेष रूप से सुरक्षा बलों को भी अपनी हार्दिक बधाई देता हूं। भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सभी के योगदान को इतिहास सदैव याद रखेगा।’
‘पश्चिम बंगाल के सामने नतमस्तक हूं’
पीएम मोदी ने बीजेपी की जीत पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और BJP की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।’
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, ‘जनता ने BJP को एक शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल की जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम एक ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी।’



