साइबर अपराधी भिलाई सहित कई शहरों में लोगों को बना रहे निशाना

दुर्ग : छत्तीसगढ़ का दुर्ग भिलाई शहर ठगी करने वाले गिरोह का गढ़ बनता जा रहा है. रविवार को शातिर ठग ने एक युवक को ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब करने का झांसा देकर करीब 1.67 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है. इसकी रिपोर्ट भिलाई नगर थाने की पुलिस को मिलते ही धारा 318 (4) के तहत केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.
ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी : भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सेक्टर 5 निवासी आदित्य शिवम ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 12 दिसंबर 2024 को दिव्या शर्मा नाम से एक फोन कॉल आया. उसने व्हाट्सअप पर मैसेज कर डिजिटल मार्केटिंग के तहत ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब करने के लिये प्रोत्साहित किया. उसने बताया कि दुनिया के सारे बड़े होटल व रेस्टोरेंट के गूगल वेबसाइट में लाइक और अंग्रेजी अक्षरों में कमेंट करने का काम है.
पहले भेजे पैसे, फिर खाते से उड़ा लिए रकम : शातिर ठग ने प्रार्थी को लिंक भेजा और प्रति घंटे 20 से 24 रेस्टोरेंट पर ऑनलाइन लाइक कमेंट करने पर प्रार्थी को 3500 रुपए देने की बात कही. इस बीच ठग ने प्रार्थी का एकाउंट नंबर मांगा और उसके खाते में 1000 और 2000 रुपये डाला. इस तरह ठग ने प्रार्थी को झांसे में ले लिया और उसके बाद ठग ने प्रार्थी के खातों से कुल 1,69,700 रुपए आनलाइन धोखाधड़ी कर लिया.
निवेश का झांसा देकर बुजुर्ग से ठगी : भिलाई जंबी रिसर्च इंस्टीट्यूट मुंबई में निवेश करने का झांसा देकर बुजुर्ग से 5 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की गई है. ठगों ने सूर्या अपार्टमेंट मॉडल टाउन जुनवानी निवासी प्रमोद कुमार संगल को झांसा दिया था कि यदि वे उस कंपनी में निवेश करते हैं तो उन्हें अच्छा मुनाफा हो सकता है. शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है.
गौरेला पेंड्रा मरवाही में साइबर क्राइम : पुलिस ने साइबर अपराध पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चार म्यूल अकाउंट होल्डर्स को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और चेकबुक साइबर ठगों को सौंपते थे, जिससे ठगी की गई रकम को ट्रांसफर किया जाता था. पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों के अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों से संबंध थे. ये गिरोह विदेशी नागरिकों के साथ बिटकॉइन के जरिए संदिग्ध वित्तीय लेन-देन में भी शामिल थे. आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.



