छत्तीसगढ़

, पीसीसी चीफ दीपक बैज की रेकी का आरोप पर विस में हंगामा, ईडी से डराना बंद करो के नारे, 16 कांग्रेस विधायक निलंबित

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई. सदन शुरू होने के बाद विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के घर रेकी का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों के विधायकों ने नारे बाजी की. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने विपक्षी विधायकों को नारे बाजी बंद कर प्रश्नकाल शुरू करने की अपील की, लेकिन इसका असर विधायकों पर नहीं पड़ा और वे ईडी से डराना बंद करो के नारे लगाने लगे. जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी. सदन की कार्यवाही फिर से शुरू की गई है.

छत्तीसगढ़ विधानसभा में हंगामा: विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के आसंदी में आते ही विधायक उमेश पटेल ने कहा कि बीती रात बड़ी घटना हुई है. रमन सिंह ने कहा कि प्रश्नकाल के बाद आपको बात करने का अवसर दिया जाएगा. इस दौरान सत्ता पक्ष के विधायक ने कहा प्रश्नकाल में भाषण नहीं दिया जा सकता. इसके बाद विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया. सभी कांग्रेस विधायक सदन में खड़े हो गए और पीसीसी चीफ दीपक बैज की रेकी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी और हंगामा करने लगे.

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने विधायकों को मनाने की कोशिश की. उन्होंने कहा “जो भी विषय है, प्रश्नकाल के समय पूरा समय है, मैं आपको अवसर दूंगा. गंभीरता है इसलिए आपको पूरा अवसर दिया जाएगा. “

16 कांग्रेस विधायक निलंबित: 10 मिनट स्थगित होने के बाद सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद भी कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी और हंगामा जारी रहा. जिसके बाद रमन सिंह ने कहा कि प्रश्नकाल पक्ष विपक्ष दोनों के लिए महत्वपूर्ण रहता है. छत्तीसगढ़ विधानसभा में कभी ऐसी परंपरा नहीं रही कि प्रश्नकाल को बाधित किया जाए. इसके बाद अध्यक्ष ने विधायक लता उसेंडी से प्रश्न करने को कहा. लेकिन कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी लगातार जारी रही.

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित सभी कांग्रेस विधायक आसंदी के पास पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे. जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित 16 कांग्रेस विधायकों को सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया और उन्हें सदन से बाहर जाने के लिए कहा. हालांकि कुछ देर बाद रमन सिंह ने निलंबित विधायकों का निलंबन खत्म कर दिया.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button