‘बंटेंगे तो कटेंगे’ पर बंटी महायुति, योगी के नारे पर पवार ने उठाया सवाल

मुंबई. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के नारे ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ पर अब एनडीए के ही साथी अजित पवार सवाल उठाने लगे हैं। अजित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र शिवाजी, आंबेडकर, शाहू जी महाराज की धरती है। महाराष्ट्र में बाहर के लोग आकर ऐसे विचार बोल जाते हैं, दूसरे राज्यों के भाजपा सीएम तय करें कि उन्हें क्या बोलना है। अजित पवार ने कहा कि हम महायुति में एक साथ काम कर रहे हैं, लेकिन हमारी पार्टियों की विचारधारा अलग-अलग है। हम सभी कॉमन मिनिमम प्रोग्रॅम पर सरकार चलाते हैं, लेकिन हम आज भी शिव शाहू फुले के विचारों पर कायम हैं।
हो सकता है कि दूसरे राज्यों में यह सब चलता हो, लेकिन महाराष्ट्र में ऐसा नारा काम नहीं करता। दूसरे राज्यों के भाजपा मुख्यमंत्रियों को तय करना चाहिए कि क्या बोलना है। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) नेता संजय निरूपम ने कहा कि योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं कि अगर आप बिखर जाते हैं, तो कमजोर हो जाते हैं। अगर आप एकजुट रहते हैं, तो मजबूत रहते हैं। उन्होंने कहा कि अजीत दादा आज नहीं समझ रहे हैं, आगे समझ जाएंगे। बंटेंगे तो कटेंगे, यह लाइन महाराष्ट्र में बिल्कुल चलेगी।


