छत्तीसगढ़

स्कूल में सोडियम ब्लास्ट के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से कार्रवाई की मांग

बिलासपुर : बिलासपुर के निजी स्कूल में शुक्रवार को हुए एक बड़े हादसे ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.स्कूल के टॉयलेट में हुए सोडियम ब्लास्ट से चौथी कक्षा की एक मासूम बच्ची बुरी तरह झुलस गई है. इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन घिर गया है और परिजनों में जबरदस्त आक्रोश है.

अभिभावकों ने मांगा स्कूल प्रबंधन से जवाब : स्कूल के बाहर शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में अभिभावक इकट्ठा होना शुरु हो गए.इस दौरान अभिभावकों ने कहा कि वो स्कूल में सुबह से खड़े हैं.लेकिन अब तक प्रबंधन ने उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है.अभिभावकों का कहना है कि हम लोग चाहते हैं कि स्कूल प्रशासन के इंचार्ज, फादर या प्रिंसिपल खुद सामने आकर बताएं कि आखिर इस घटना की सच्चाई क्या है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हो रही है.

स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप : परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाए कि इसे बच्चों की शरारत बताकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. वहीं सूत्रों के मुताबिक ब्लास्ट में इस्तेमाल हुआ सोडियम लैब से नहीं निकाला गया था, बल्कि ऑनलाइन पटना से मंगाया गया था. आशंका जताई जा रही है कि ये किसी शिक्षक के लिए मंगाया गया था. परिजनों का कहना है कि इस घटना के पीछे किसी बड़े स्तर की लापरवाही हो सकती है, जिसकी गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत है.

ये पहली बार नहीं हुआ है. पहले भी इस स्कूल में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्कूल प्रशासन ने हमेशा समझाइश देकर मामले को टाल दिया. अब हम चाहते हैं कि 24 घंटे के अंदर दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और इन बच्चों को स्कूल से निकाला जाए- दीपिका गुप्ता, अभिभावक

सोडियम कहां से आया और किसके माध्यम से आया इसकी जानकारी ली जा रही है. जांच के बाद ही पूरी बात सामने आ पाएगी. पुलिस इस केस में अभी जांच पड़ताल कर रही है- एसआर साहू, थाना प्रभारी, सिविल लाइन, बिलासपुर

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button