Pakistan Election: ‘फेल हुआ नवाज शरीफ का लंदन प्लान,’ चुनावी नतीजों पर आया जेल में बंद इमरान खान का पहला रिएक्शन

पाकिस्तान चुनाव को लेकर वोटों की गिनती चल रही है. काउंटिंग में काफी देरी भी देखने को मिल रही है. इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री और ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान ने जीत का दावा कर दिया है. इमरान ने एआई-बेस्ड आवाज के साथ ‘जीत के भाषण’ वाले वीडियो को जारी किया है. उन्होंने कहा है कि ‘पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज’ (पीएमएल-एन) के मुखिया नवाज शरीफ का ‘लंदन प्लान’ फेल हो गया है.
इमरान खान का ये वीडियो ऐसे समय पर सामने आया है, जब पाकिस्तान चुनाव में उनकी पार्टी समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार सीटों की संख्या के लिहाज से सबसे आगे चल रहे हैं. निर्दलीय उम्मीदवारों ने 97 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि नवाज शरीफ की पार्टी को 72 सीटें मिली हैं और बिलावल भुट्टो की पीपीपी 52 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है. पाकिस्तान में 265 सीटों पर चुनाव हुए, जिसमें से 252 के नतीजे आ गए हैं. बहुमत के लिए 133 सीटों की जरूरत है.
इमरान ने क्या-क्या कहा?
पीटीआई संस्थापक ने वीडियो में कहा, ‘मेरे प्यारे देशवासियों. बड़ी संख्या में पोलिंग बूथ पहुंचकर और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल कर आपने नागरिकों के अधिकारों का प्रयोग करने की आजादी की बहाली की नींव रखी है. मैं आप सभी को चुनाव में शानदार जीत दिलाने के लिए बधाई देता हूं. मुझे आपके वोट डालने के लिए इतनी बड़ी संख्या में आने पर पूरा भरोसा था.’
उन्होंने आगे कहा, ‘आप मेरे भरोसे पर खरे उतरे और चुनाव के दिन भारी वोटिंग ने लोगों को हैरान करके रख दिया है. लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आपकी सक्रिय भागीदारी की वजह से ‘लंदन प्लान’ फेल हो गया है. नवाज शरीफ कम बुद्धि वाले नेता हैं, जो अपनी पार्टी के 30 सीटों पर पिछड़ने के बावजूद विजयी भाषण देने लगे.’
चुनाव में धांधली का मुद्दा भी उठाया
पूर्व पीएम ने एक बार फिर से दावा किया कि चुनाव में धांधली की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘कोई भी पाकिस्तानी चुनाव में हो रही हेरफेर को स्वीकार नहीं करने वाला है. अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी इस पर बड़े पैमाने पर रिपोर्टिंग हुई है. फॉर्म 45 डेटा के अनुसार, हम 170 से अधिक नेशनल असेंबली सीटें जीतने की ओर अग्रसर हैं.’ उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में लोकतंत्र की बहाली के लिए एक तारीख तय कर दी है. हम 2024 का चुनाव दो-तिहाई बहुमत से जीत रहे हैं. आपके वोट की ताकत सबने देखी है. अब इसे बचाने करने की अपनी क्षमता दिखाएं.’



