मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी और निजी क्षेत्र में रोजगार की बहार

MP News: मध्य प्रदेश सरकार अपने युवाओं को रोजगार के मौके उपलब्ध करवाने के लिए मिशन मोड में जुट चुकी है। रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर ‘युवा शक्ति मिशन’ प्रोजेक्ट की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जो संकेत और संदेश दिए हैं, उससे लगता है कि राज्य के युवाओं को आने वाले समय में रोजगार की कमी नहीं रहने वाली है।
मध्य प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी देने के साथ-साथ अन्य सभी तरह के रोजगार के विकल्पों पर काम कर रही है। खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है, “2028 तक मध्य प्रदेश के 70% युवाओं के लिए हम रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।”
अगर राज्य के शीर्ष नेतृत्व की ओर से इतने आत्मविश्वास के साथ यह भरोसा दिया जा रहा है तो प्रदेश के युवाओं का भविष्य निश्चित तौर पर उज्जवल रहने वाला है। मध्य प्रदेश में युवाओं की आबादी 1.5 करोड़ है और इनमें से 70% को रोजगार उपलब्ध करवाने की लक्ष्य बहुत ही सकारात्मक पहल है।
‘युवा शक्ति मिशन’ के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा है, ‘मिशन का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलंबी बनाने के साथ उनकी क्षमता वृद्धि के लिए उन्हें एंटरप्रेन्योरशिप में ट्रेनिंग देना है।’ दरअसल, राज्य सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवा मात्र रोजगार मांगने वाला बनकर न रहें, बल्कि रोजगार उपलब्ध करवाने वाले बनें।



