छत्तीसगढ़

अतिथि शिक्षक बनने का मौका, जिले में स्थानीय स्तर पर 12 रिक्त पदों पर होगी भर्ती

सुकमा। सुकमा जिले में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए स्थानीय अतिथि शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। जिले के शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विभिन्न विषयों के 12 रिक्त पदों पर शिक्षित बेरोजगार स्थानीय युवाओं से आवेदन मंगाए गए हैं। भर्ती का उद्देश्य स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करना और विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाना है।

इन पदों पर गणित, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और भूगोल विषयों के व्याख्याताओं की नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र स्वयं उपस्थित होकर संबंधित शासकीय हाई/हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य के पास जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

इस भर्ती से स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की कमी भी दूर होने की उम्मीद है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन का निर्धारित प्रारूप सुकमा जिले की आधिकारिक वेबसाइट तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।

इधर, जिला रोजगार कार्यालय सक्ती की ओर से शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 25 अगस्त 2026, मंगलवार को शासकीय आईटीआई सक्ती में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की तीन कंपनियां विभिन्न पदों पर युवाओं की भर्ती करेंगी।

पुष्कल एग्रो टेक प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा सेल्स ऑफिसर के 30 और सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों का कार्यक्षेत्र डभरा, सक्ती और धरमजयगढ़ रहेगा। चयनित उम्मीदवारों को 12 हजार से 20 हजार रुपये वेतन के साथ अन्य भत्ते दिए जाएंगे। इसके लिए बीएससी या 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

वहीं, श्रीराम फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, जांजगीर द्वारा ट्रैक्टर फाइनेंसर, पर्सनल लोन ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर और इंश्योरेंस ऑफिसर के 10-10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों का कार्यक्षेत्र बरमकेला, जैजैपुर, सारंगढ़, चंद्रपुर, डभरा और सक्ती रहेगा। वेतन 10 हजार से 12 हजार रुपये तथा अन्य भत्तों के साथ निर्धारित है। इन पदों के लिए 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), नैला द्वारा ग्रामीण बीमा सलाहकार और बीमा सखी के 10-10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों का कार्यक्षेत्र सक्ती और जांजगीर रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 7 हजार रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। इन पदों के लिए भी न्यूनतम योग्यता 12वीं पास रखी गई है।

रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक युवाओं को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों और जिला रोजगार कार्यालय के रोजगार पंजीयन कार्ड के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर-चांपा, सक्ती से संपर्क किया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button