उत्तरप्रदेश

Diwali के दिन Greater Noida में अंधाधुंध फायरिंग: दो की मौत, घटना से नाराज ग्रामीणों ने जमकर काटा हंगामा

नोएडा: नाली के पानी की निकासी को लेकर सोमवार को हुए विवाद में दो कार में सवार होकर आए हथियारबंद व्यक्तियों ने तीन व्यक्तियों पर कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) से सेवानिवृत्त एक दरोगा और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।

हाईवे जाम करके ग्रामीणों ने काटा हंगामा
मृतकों के परिजनों ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए हाईवे जाम करके हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस मामले में मृतक के परिजनों ने थाना जारचा में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस उपायुक्त, ग्रेटर नोएडा, साद मिंया खान ने बताया कि ग्राम सैथली निवासी अनूप भाटी ने आज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि प्रिंस भाटी, बॉबी तोमर, मनोज नागर आदि ने नाली से पानी की निकासी को लेकर हुए विवाद में आज उनके तथा उनके परिवार के लोगों के ऊपर फायरिंग की।

कार सवार होकर आए थे बदमाश
पीड़ित के अनुसार ये लोग दो कारों में सवार होकर आए तथा आते ही इन्होंने अंधाधुंध फायरिंग की। पीड़ित के अनुसार उनके भतीजे दीपांशु (21) की कनपटी में पिस्तौल सटाकर गोली मारी गई, जबकि दीपांशु को बचाने आए अजय पाल भाटी (55 वर्ष) के सीने और शरीर के कई जगहों पर गोली मारी गई। अजय पाल सीआईएसफ से सेवानिवृत्त थे। अनूप ने बताया कि दीपांशु एक कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। उन्होंने बताया कि सुभाष नामक एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी है।

पुलिस की चार टीम जांच में जुटी
उन्होंने बताया कि इस घटना में अजय पाल और दीपांशु की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बदमाश घटना को अंजाम देकर मौके से भाग गए। डीसीपी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीम बनाई गई हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

नाली के पानी की निकासी के लिए हुआ था विवाद
वहीं इस घटना से आक्रोशित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 91 पर पहुंचकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि उक्त घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों का पुलिस एनकाउंटर करें तथा कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। ग्रामीणों के अनुसार बॉबी एक अपहरण के मामले में हाल ही में अलीगढ़ जेल से छूटकर आया है, जबकि मनोज कुख्यात अपराधी है। प्रिंस दोनों का रिश्तेदार है। बताया जाता है कि अनूप भाटी और प्रिंस भाटी एक ही परिवार के हैं। दोनों पक्षों में नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद हुआ था। 

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button