मदनवाड़ा कांड की 15वीं बरसी पर अफसरों, नेताओं और ग्रामीणों ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, नक्सली हमले में SP समेत 29 जवान हुए थे

मानपुर. राजनांदगांव जिले के कोरकोट्टी-मदनवाड़ा इलाके में 15 साल पहले बड़े नक्सली हमले में एसपी समेत 29 जवान शहीद हुए थे. मानपुर इलाके में पुलिस विभाग, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने शहादत को सलाम कर शहीदों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
बता दें कि 12 जुलाई 2009 को मदनवाड़ा थाने में नक्सलियों द्वारा मारे गए दो शहीद जवानों के शव को मुख्यालय ले जाने के लिए एसपी विनोद कुमार चौबे अपने काफीले के साथ निकले थे. इस दौरान मानपुर मुख्यालय से महज 6 किमी दूर ग्राम कोरकोट्टी के पास बीच सड़क माओवादियों ने बम विस्फोट कर दिया. वहीं चारो ओर से जवानों को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी भी कर दी. इस घटना में एसपी चौबे समेत 25 जवान शहीद हो गए. वहीं मदनवाड़ा जाने के लिए सीतागांव की ओर से निकली एक अन्य पुलिस पार्टी पर भी इसी दिन ग्राम कारेकट्टा के पास नक्सलियों ने बम विस्फोट व गोलीबारी कर दी, जिसमें औंधी थाना प्रभारी समेत दो जवान शहीद हो गए. इस तरह आज ही के दिन एसपी समेत 29 जवान शहीद हुए थे.



