उत्तरप्रदेश

महिला से अवैध संबंध के शक में युवक की पेड़ से बांधकर पिटाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रभारी निलंबित

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के में एक बेहद हैरतअंगेज घटना सामने आई है। जहां तीन दबंगों ने एक युवक को अवैध संबंधों के संदेह में पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी और हल्का इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है।

वारदात रविवार देर शाम की बताई जा रही है। यह घटना तब हुई जब पीड़ित सुजीत कुमार अपने घर लौट रहा था। गांव के तीन व्यक्तियों मिठाईलाल, सुमित कुमार और भूरे ने उस पर घात लगाकर हमला किया और उसे रस्सियों से एक पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उन्होंने डंडों से उसकी निर्मम पिटाई की। आरोप है कि तीनों ने सुजीत पर गांव की एक महिला से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया और तालिबानी अंदाज में उसे सजा दी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

जैसे ही पीड़ित के परिजनों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने गोहन थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुजीत को छुड़ाया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक उसकी हालत अब स्थिर है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

थाना प्रभारी और हल्का इंचार्ज निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कड़ी कार्रवाई की। गोहन थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यति और हल्का प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इन पर मामले में लापरवाही बरतने और उचित धाराओं में केस दर्ज न करने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है। जिन पुलिस अधिकारियों ने लापरवाही बरती, उन्हें भी नहीं छोड़ा जाएगा।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button