छत्तीसगढ़

न्यू एज मीडिया में दक्ष बनें अधिकारी, योजनाओं का प्रभावी प्रचार करें: रजत बंसल, लापरवाही पर 3 जिलों में कार्रवाई निर्देश

रायपुर, 30 अप्रैल 2026। जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में जनसंपर्क संचालनालय और जिला जनसंपर्क अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए स्पष्ट कहा कि वर्तमान समय में अधिकारियों को न्यू एज मीडिया की सभी विधाओं में दक्ष होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में तकनीक और आधुनिक संचार माध्यमों को अपनाए बिना प्रभावी जनसंपर्क संभव नहीं है।

आयुक्त ने जनसंपर्क कार्य को अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को इसे पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु होते हैं, इसलिए उनके कार्यों का मूल्यांकन अब परिणाम के आधार पर किया जाएगा।

बैठक में निर्देश दिए गए कि अधिकारी मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें, ताकि सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो।

आयुक्त ने आगामी 1 मई से शुरू होने वाले प्रदेशव्यापी “सुशासन तिहार” के प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित होकर इनका लाभ ले सकें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मीडिया के सभी माध्यमों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना आवश्यक है, जिससे शासन की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और हर्षा पौराणिक सहित संचालनालय एवं जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button