अब इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान में होगी बातचीत, जेडी वेंस पहुंचे

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को फिलहाल दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। अमेरिका और ईरान को इस युद्ध विराम के लिए मनाने में पाकिस्तान के अलावा सऊदी अरब, तुर्की (तुर्किये) और मिस्र ने भी सीजफायर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, युद्ध विराम की घोषणा के बाद पाकिस्तान ने बुधवार को US और ईरान को इस्लामाबाद में बातचीत के लिए बुलाया है।
ईरान और अमेरिका को बातचीत के लिए बुलावा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों को 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में आमने-सामने की बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। इसका उद्देश्य सभी विवादों को सुलझाने के लिए एक निर्णायक समझौते पर पहुंचना है। मालूम हो कि यह संघर्ष एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया था, जब US राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि मंगलवार को अमेरिका ईरानी सभ्यता को मिटा देगा।
VP सहित ट्रंप के स्पेशल दूत और दामाद पहुंचे पाकिस्तान
पाकिस्तान में होने वाले इस बातचीत को लेकर व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने सीएनएन को बताया कि, “लोग बात करते हैं, लेकिन प्रेसिडेंट या व्हाइट हाउस की तरफ से जब तक कुछ नहीं कहा जाए, तब तक कुछ भी फाइनल नहीं है।”
हालांकि अन्य अधिकारियों ने सीएनएन को बताया कि, मीटिंग इस्लामाबाद में होगी। जिसमें पाकिस्तानी मीडिएटर भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप के स्पेशल दूत स्टीव विटकॉफ, दामाद जेरेड कुशनर और वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस इस बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंच चुके है।



