संपादकीय

…‘अब स्पा सैंटर, होटल बनने लगे देह व्यापार के अड्डे!

देश में देह व्यापार चिंताजनक हद तक बढ़ता जा रहा है। बड़े पैमाने पर स्पा सैंटरों, होटलों और घरों तक में देह व्यापार कराए जाने के मामले सामने आ रहे हैं जिनकी इसी वर्ष के 4 महीनों की चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं : 
* 1 जनवरी, 2026 को पुलिस ने ‘आजमगढ़’ (उत्तर प्रदेश) में एक रैस्टोरैंट में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करके वहां से 4 जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री के अलावा लग्जरी गाडिय़ां, मोबाइल फोन और पहचान पत्र भी जब्त किए गए।

* 4 जनवरी को पुलिस ने ‘प्रयागराज’ (उत्तर प्रदेश) के ‘कीडग़ंज’ में एक मकान में चलाए जा रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ करके वहां से 4 युवतियों व 5 युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा।
* 18 जनवरी को ‘वाराणसी’ (उत्तर प्रदेश) में कैंट पुलिस ने ‘खजूरी’ में स्पा सैंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ कर कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। 
* 21 फरवरी को पुलिस ने ‘वाराणसी’ (उत्तर प्रदेश) में ‘नगवा अस्सी मार्ग’ पर स्थित होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़ कर 3 युवतियों को रैस्क्यू करने के अलावा होटल के मैनेजर, 2 दलालों और 1 ग्राहक सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 
* 6 अप्रैल को ‘हमीरपुर’ (हिमाचल) के ‘टियाले दा घाट’ क्षेत्र में स्थित एक होटल में थाना सदर पुलिस की टीम ने छापामारी कर देह व्यापार के अड्डे से अमृतसर (पंजाब) की 3 महिलाओं को रैस्क्यू किया। 
* 10 अप्रैल को ‘बाघापुराना’ (पंजाब) पुलिस ने मोगा के एक स्पा सैंटर पर छापा मार कर देह व्यापार का भंडाफोड़ करके स्पा सैंटर के मालिक तथा 4 लड़कियों को गिरफ्तार किया। 

* 13 अप्रैल को ‘एटा’ (यू.पी.) के एक होटल में देह व्यापार के अड्डे पर छापा मार कर पुलिस ने 3 युवतियों को रैस्क्यू करने के अलावा 2 पुरुषों व होटल के मैनेजर को गिरफ्तार करके होटल सील कर दिया।
पुलिस ने युवतियों को महिला थाना व मैनेजर को जेल भेज दिया। होटल में 500 रुपए में कमरा दिया जाता और प्रति ग्राहक से 2 से 3 हजार रुपए तक लिए जाते थे। अधिकांश ग्राहक एक-दो घंटे तक ही वहां रुकते थे।
* 14 अप्रैल को ‘जीरकपुर’ (पंजाब) में एक होटल में छापा मार कर पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ कर वहां से 7 युवतियों को रैस्क्यू कर देह व्यापार चलाने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया। 
* 15 अप्रैल को ‘मुजफ्फरपुर’ (बिहार) के ‘गढ़ा’ थाना क्षेत्र में होटल और उसके निकट स्थित एक बंद पड़े पैट्रोल पम्प की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश करके पुलिस ने होटल मैनेजर सहित 2 लोगों को गिरफ्तार किया। यहां महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर जबरन इस धंधे में धकेला जा रहा था।

* 22 अप्रैल को ‘साहिबाबाद’ (उत्तर प्रदेश) में एक फ्लैट में चलाए जा रहे देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करके देह व्यापार संचालिका ‘गीता’ तथा ‘राजन’ को गिरफ्तार करने के अलावा फ्लैट से 2 युवतियों को रैस्क्यू कर उनके बयान दर्ज कराने के बाद घर भेज दिया। रैस्क्यू की गई युवतियों ने पुलिस को बताया कि गीता ने रुपयों का लालच देकर उन्हें देह व्यापार में धकेला था। 

* और अब 22 अप्रैल को ही ‘जालंधर’ (पंजाब) में गढ़ा रोड पर एक स्पा सैंटर में पुलिस ने छापा मार कर थाईलैंड की 3 युवतियों, दिल्ली के 2 ग्राहकों और स्पा सैंटर के काऊंटर पर बैठे मैनेजर को गिरफ्तार किया। स्पा सैंटर से नशा करने वाली सामग्री भी बरामद की गई। 
देह व्यापार की उक्त घटनाओं को देखते हुए जहां इस धंधे में संलिप्त लोगों और इस काम में उनकी सहायता करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और कठोरतम दंड देने की आवश्यकता है वहीं इसे अपनाने को मजबूर होने वाली युवतियों को इस कीचड़ से निकाल कर और इस धंधे में आने के पीछे उनकी मजबूरियों का पता लगाकर उन्हें दूर करने और उनका पुनर्वास करने के लिए कदम उठाने की भी आवश्यकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button