अंतर्राष्ट्रीय

अब स्टील्थ विमानों को भी पकड़ लेगा चीन, क्वांटम राडार ‘फोटोन कैचर’ की नजरों से बच पाना मुश्किल

एजेंसियां — बीजिंग

चीन ने फोटोन कैचर नाम के एक क्वांटम राडार बनाने का ऐलान किया है। यह राडार आसानी से स्टील्थ लड़ाकू विमानों को पहचानने में सक्षम है। इससे सबसे ज्यादा खतरा अमरीकी एफ-22 लड़ाकू विमान को होगा, जिसे दुनिया में सबसे ज्यादा गुप्त माना जाता है। चीन ने ऐलान किया है कि उसने दुनिया के पहले अल्ट्रा लो नॉइज, चार चैनलों वाले सिंगल-फोटोन डिटेक्टर का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू कर दिया है। फोटोन कैचर नाम का यह उपकरण एक सिंगल फोटोन यानी ऊर्जा की सबसे छोटी इकाई का पता लगा सकता है। इस खूबी के कारण यह उपकरण स्टील्थ विमानों का पता लगाने और उन पर नजर रखने के लिए क्वांटम कम्युनिकेशन और क्वांटम राडार जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का एक प्रमुख कंपोनेंट बन गया है।

फोटोन कैचर को अनहुई प्रांत स्थित क्वांटम इंफॉर्मेशन इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर ने विकसित किया है। चीन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रकाशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी डेली ने फोटोन कैचर के विकास की सूचना दी। इसके अनुसार, चीन ने अपने बड़े पैमाने पर उत्पादन के माध्यम से क्वांटम सूचना प्रौद्योगिकी के मुख्य घटकों में आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ष्ट्रीय नेतृत्व हासिल कर लिया है। जैसा कि नाम से पता चलता है, सिंगल-फ़ोटोन डिटेक्टर एक अति-संवेदनशील उपकरण है, जो एकल फोटोन का पता लगाने में सक्षम है।

अरबों फोटोन में से एक की पहचान भी संभव

जब इनसान किसी तस्वीर को देखता है, तो एक साथ अनगिनत फोटोन उसकी आंखों में प्रवेश करते हैं। उनमें से केवल एक फोटोन को अलग करना, आंधी के बीच गिरते रेत के एक कण की आवाज को पहचानने के समान बताया गया है। एकल फोटोन का पता लगाने की क्षमता का अर्थ है कि अत्यंत धीमी ऊर्जा संकेतों को भी पकड़ा जा सकता है, जिसे क्वांटम कम्युनिकेशन और क्वांटम राडार तकनीकों को साकार करने के लिए मूलभूत माना जाता है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button