होटल इंटरसिटी में चुनावी रकम रखे होने की आशंका पर छापा,पर मिला कुछ नहीं

बिलासपुर। कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव यहां दयालबंद स्थित होटल इंटरसिटी में रूके हुए हैं। चुनाव में बंटवारे के लिए रूपए रखे होने की आशंका पर चुनावी उडन दस्ता ने इंटरसिटी होटल के कई कमरों में छापा मारा। इस दौरान एक समारोह में पहुंचे मेहमानों को भी आने-जाने से रोक दिया गया। होटल का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया और यादव के कमरे तथा कुछ अन्य कमरों की तलाशी ली गई। सूत्रों के अनुसार उडन दस्ता को जानकारी मिली थी कि कांग्रेस नेता ने चुनाव में इस्तेमाल के लिए बड़ी रकम यहीं लाकर रखी है। हालांकि तलाशी के बाद रुपये बरामद नहीं हुए।
बताया गया है कि कांग्रेस प्रत्याशी यादव कल राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट के साथ बिलासपुर व आसपास के क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्होंने रात में शहर के मुख्य मार्ग में निकाले गए पायलट के रोड शो में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्हें होटल के कमरे में उडन दस्ते के पहुंचने की जानकारी मिली। यादव भी होटल पहुंच गए लेकिन उनकी छापामार टीम से बात नहीं हो सकी।उल्लेखनीय है कि होटल इंटरसिटी कांग्रेस से ही जुड़े नेता सुरेंद्र सिंह छाबड़ा का है।



