अंतर्राष्ट्रीय

यूक्रेन पर रूस के भीषण हमलों में नौ लोगों की मौत, 63 अन्य घायल

कीव, 24 अप्रैल (एपी) Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन पर बुधवार रात बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जिनमें नौ लोगों की मौत हो गई और छह बच्चों सहित 63 अन्य लोग घायल हो गए। यूक्रेन के प्राधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

‘कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन’ ने अपने ‘टेलीग्राम’ चैनल पर बताया कि रूस ने कीव पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। यूक्रेन की ‘स्टेट इमरजेंसी सर्विस’ ने बताया कि कम से कम 42 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलबे के नीचे दबे शवों को खोजने के लिए बृहस्पतिवार सुबह से ही बचाव अभियान जारी है। शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि इन हमलों के कारण कई आवासीय इमारतों में आग लगने की सूचना मिली है। यह हमला रात करीब एक बजे शुरू हुआ और इस दौरान कीव के कम से कम चार इलाकों को निशाना बनाया गया।

स्वियातोशिन्स्की जिले में हमले से क्षतिग्रस्त हुई एक आवासीय इमारत में आग लग गई। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शांति वार्ता ठप होती दिख रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह संभावित शांति योजना के तहत क्रीमिया को रूस को सौंपने के प्रस्ताव को ठुकराकर युद्ध को खींच रहे हैं।

जेलेंस्की ने लंदन में बुधवार को अमेरिका, यूरोपीय और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच होने वाली उच्च स्तरीय वार्ता से पहले किसी भी समझौते के तहत यूक्रेन द्वारा रूस को क्षेत्र सौंपे जाने के विचार को खारिज कर दिया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘इस बारे में कोई बात नहीं होगी। यह हमारी भूमि है, यूक्रेनी लोगों की भूमि है।”

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button