अशोकनगर के एक गांव में चल रही ड्रग्स की फैक्ट्री, नारकोटिक्स टीम ने दी दबिश

अशोकनगर: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले की चंदेरी में इंदौर नारकोटिक्स की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले में संचालित एमडी ड्रग्स फैक्ट्री में छापा मारा, जहां से टीम को बड़ी संख्या में ड्रग्स बनाने के केमिकल मिले हैं। साथ ही ड्रग्स और हथियार भी मिले हैं। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी है।
गांव में संचालित हो रही थी ड्रग्स फैक्ट्री
मामला जिले की चंदेरी कड़राना गांव में सोमवार रात को इंदौर नारकोटिक्स की 15 सदस्यीय टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में ड्रग्स, केमिकल और हथियार जब्त किए हैं। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक का नाम राघवेंद्र पुत्र बलराम सिंह परमार (38) और दूसरे का प्रियांशु पुत्र सुनील जैन (31) निवासी हाट का पुरा है। ड्रग्स की फैक्ट्री राघवेंद्र परमार के घर पर चल रही थी।
ड्रग्स के साथ बड़ी मात्रा में केमिकल बरामद
जानकारी के अनुसार, इंदौर नारकोटिक्स की टीम ने देर रात 1:30 बजे राघवेंद्र परमार के घर पर छापा मारा। टीम ने मौके से 1 किलो 282 ग्राम तैयार ड्रग्स और 2 किलो 570 ग्राम अर्ध-तैयार ड्रग्स बरामद की है। इसके अलावा, ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला 45 किलो एमडी ड्रग केमिकल और उपकरण भी जब्त किए गए हैं। जिसकी कीमत लगभग 1 से डेढ़ करोड़ बताई जा रही है।
पिस्टल सहित जिंदा कारतूस और कार बरामद
पुलिस की इस कार्यवाही में पुलिस की टीम को एक लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा राउंड और एक मैगजीन भी मिली है। साथ ही, भोपाल आरटीओ नंबर की एक कार भी जब्त की गई है। वहीं, जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई पूरी रात चली है। यहां से निर्मित ड्रग्स की अन्य जगहों पर भी सप्लाई हो रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से मिले क्लू के आधार पर कार्रवाई की है। गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। नारकोटिक्स डिपार्टमेंट को उम्मीद है कि अन्य सुराग हाथ लग सकते हैं।



