महाराष्ट्र

Nagpur-Goa Shaktipeeth Expressway: महामार्ग के पूरा होने का रास्ता साफ, मुख्यमंत्री की हरी झंडी

मुंबई: कोल्हापुर जिले के किसानों के विरोध के चलते शक्तिपीठ सुपर एक्सप्रेस-वे का काम रोक दिया गया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मंत्रालय में सात मंजिला नई इमारत बनाने के काम को भी गति देने के लिए एक आदेश दिया है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने समृद्धि महामार्ग के अंतिम चरण (76 किलोमीटर) के काम को फरवरी 2025 तक पूरा करने का भी निर्देश दिया है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस पर 13.30 किलोमीटर लंबे मिसिंग लिंक और नाशिक-मुंबई राष्ट्रीय महामार्ग के मरम्मत कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।

100 दिनों की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोमवार को सार्वजनिक लोक निर्माण विभाग की आगामी 100 दिनों की समीक्षा बैठक बुलाई थी। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्र सिंह राजे भोसले, स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, पर्यटन मंत्री शंभुराज देसाई, राज्य मंत्री इंद्रनील नाईक, मेघना बोर्डीकर, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, लोकनिर्माण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर, सचिव सदाशिव सालुंके उपस्थित थे।

शक्तिपीठ महामार्ग की जरूरत क्यों?

दरअसल साल 2023 में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समृद्धि महामार्ग की तर्ज पर शक्तिपीठ महामार्ग बनाने का ऐलान किया था। 760 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड महामार्ग वर्धा से शुरू होकर यवतमाल, धाराशिव होते हुए सिंधुदुर्ग में खत्म होगा। यह महामार्ग आस्था के केंद्र माहूर, तुलजापुर, अंबेजोगाई शक्तिपीठ को सड़क मार्ग से जोड़ेगा। साथ ही शक्तिपीठ हाइवे से औंढा नागनाथ और परली वैजनाथ ज्योतिर्लिंगों के अलावा नांदेड़ गुरुद्वारा, पंढरपुर, कारंजा लाड, अक्कलकोट, गाणगापुर, नरसोबाची वाडी, औदूंबर तीर्थ को भी जोड़ा जा सकेगा।

कहां तक फैला है शक्तिपीठ महामार्ग
वर्धा जिले के पवनार से सिंधुदुर्ग जिले के पात्रादेवी तक शक्तिपीठ महामार्ग फैला होगा। शक्तिपीठ महामार्ग के पूरा होने पर हिंगोली, नांदेड़, परभणी, बीड, लातूर, धाराशिव, वर्धा, यवतमाल, सोलापुर, सांगली, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग जिलों का तेजी से विकास होगा। हालांकि विधानसभा चुनाव से ऐन पहले शक्तिपीठ सुपर एक्सप्रेस-वे के काम का कोल्हापुर के किसानों ने विरोध किया था, जिसके चलते यह काम रोक दिया गया था। सह्याद्री अतिथि गृह में सोमवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री फडणवीस ने शक्तिपीठ महामार्ग के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य में महामार्ग निर्माण के लिए योजना बनाए तथा सड़क नेटवर्क को गुणवत्तापूर्ण और व्यापक बनाने पर जोर दे।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button