मरने के बाद क्या होगा आपके सोशल मीडिया अकाउंट का? मेटा का जवाब- एआई लेगा जगह

क्या आपने कभी सोचा है कि मरने के बाद आपके सोशल मीडिया अकाउंट का क्या होता है? मेटा को पता था कि कभी तो लोगों के मन में यह सवाल जरूर आएगा इसलिए मेटा ने पहले से ही इसका जवाब ढूंढ रखा है। बिजनेस इनसाइडर के मुताबिक, मेटा ने दिसंबर, 2025 में एक पेटेंट कराया था। इसके तहत एआई सोशल मीडिया पर यूजर की जगह ले पाएंगे। बता दें कि यह पेटेंट साल 2023 में फाइल हुआ था और इसका पूरा क्रेडिट मेटा के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर Andrew Bosworth को जाता है। पेटेंट में एक ऐसे सिस्टम के बारे में बताया गया है, जिसमें बड़ा लैंग्वेज मॉडल किसी व्यक्ति की गैर-मौजूदगी में उसके ऑनलाइन बिहेवियर को “सिमुलेट” कर सकता है। यानी एआई मॉडल भेष बदलकर आपके जैसे व्यहार कर सकता है।
सोशल मीडिया पर एआई ले सकता है आपकी जगह
पेटेंट में बताया गया है कि अगर कोई सोशल मीडिया यूजर प्लेटफॉर्म से लंबा ब्रेक लेता है या फिर उसकी मौत हो जाती है, तो AI मॉडल उसकी तरह काम कर सकता है। सिस्टम को यूजर के स्पेसिफिक डेटा के आधार पर ट्रेन किया जाएगा। इसमें पुराने पोस्ट, कमेंट, लाइक और दूसरी एक्टिविटी शामिल होंगी ताकि वह यूजर की तरह एक्टिविटीज कर पाए। इसका मकसद एक ऐसा डिजिटल स्टैंड-इन बनाना है, जो अकाउंट के असली मालिक की तरह ही काम करे।



