यूपी में गलन वाली हवाएं चलेंगी, कल से फिर शुरू हो सकती है बारिश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक फिर करवट ली है। शनिवार सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। साथ ही ठंड बढ़ गई है। दिन में धूप निकल रही है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में आज कोहरे का अलर्ट जारी किया है। एक फरवरी से फिर यूपी में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जो 2 से 3 दिन तक हो सकती है। इससे ठंड और बढ़ सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बर्फबारी वाले पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं से ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को धूप तो निकली, लेकिन हवा ठंड से गलन जैसी स्थिति बनी रही। शाम होते-होते यह ठंड और बढ़ गई। वहीं, एक से तीन फरवरी तक बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक, वायुमंडलीय स्थिरता बढ़ने से 31 जनवरी को कोहरे में वृद्धि होने की उम्मीद है। कई जगहों पर घना कोहरा होगा। साथ ही तापमान में थोड़ी और गिरावट होने की संभावना है। उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक से तीन फरवरी के दौरान प्रदेश में बारिश होने की उम्मीद है। हालांकि, इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ने से कोहरे में कमी आने की संभावना है।



