बजट से 5 दिन पहले बाजार में कोहराम, कई कारणों से क्रैश हुआ बाजार

बिजनेस डेस्कः बजट 2025 पेश में अब केवल 5 दिन ही बचे हैं। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। बजट से ठीक पहले भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को भारी गिरावट के साथ सप्ताह की शुरुआत की। सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार गिरावट दर्ज की गई, जहां निफ्टी ने पहले 23,000 का स्तर तोड़ा और कुछ समय बाद 22,850 के नीचे कारोबार किया। निफ्टी अपने रिकॉर्ड ऊंचाई से अब तक करीब 13% नीचे आ चुका है।
गिरावट के मुख्य कारण
- अमेरिका की व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता।
- विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की लगातार बिकवाली।
सभी प्रमुख सेक्टर्स में गिरावट
बैंकिंग, IT, पावर, और FMCG जैसे सभी प्रमुख सेक्टर्स में गिरावट देखने को मिली। स्मॉलकैप इंडेक्स 4% से अधिक गिरकर काम कर रहा है, जबकि मिडकैप इंडेक्स में 1500 अंकों की गिरावट हुई है। निफ्टी बैंक इंडेक्स भी लगभग 400 अंक गिर चुका है।
बाजार का मौजूदा हाल
वोलेटिलिटी इंडेक्स (India VIX) में बढ़ोतरी जारी है, जो 8% की बढ़त के साथ 18.06 पर पहुंच चुका है। इसके साथ ही BSE पर सूचीबद्ध कंपनियों की कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन में 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट हुई है।
विशेषज्ञों की राय
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा स्थिति में किसी भी तेजी का इस्तेमाल मुनाफा वसूली और पोजीशन से बाहर निकलने के लिए किया जा रहा है। बजट से पहले बाजार में रैली की उम्मीद थी लेकिन इसके विपरीत गिरावट दर्ज हुई है।



