राजनीति

ममता की नहीं सुनी, ट्रेन में बैठकर मालदा पहुंच गए पश्चिम बंगाल के गवर्नर , बढ़ा टकराव

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस शुक्रवार को मालदा पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अनुरोध को ठुकरा दिया। ममता बनर्जी ने उनसे दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा स्थगित करने को कहा था। दरअसल राज्यपाल हाल ही में मुर्शिदाबाद जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा के पीड़ितों से मिलने की योजना बना रहे थे। हिंसा के बाद कई लोग अपना घर छोड़कर भाग गए थे। राज्यपाल आज पीड़ितों से मिलेंगे और उनके हालात का जायजा लेंगे और अपनी सिफारिशें भेजेंगे। इस बीच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी मालदा जिले में एक टीम भेजी है। यह टीम मुर्शिदाबाद में हिंसा के बाद वहां से भागकर आए लोगों से मिलेगी और जांच करेगी।

राज्यपाल ने क्या कहा?

राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि मैं पीड़ितों से मिलने और जमीनी हकीकत जानने जा रहा हूं। मुझे जो रिपोर्ट मिली हैं। मैं उन्हें वेरिफाई करूंगा। मैं अस्पतालों, पीड़ितों के घरों और राहत शिविरों में जाऊंगा। केंद्रीय बल और राज्य पुलिस मिलकर काम कर रहे हैं। स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। मैं पीड़ितों से मिलने के बाद अपनी सिफारिशें भेजूंगा। राजभवन के एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल मुर्शिदाबाद भी जा सकते हैं। वहां जाकर वह खुद हालात का जायजा लेंगे।

क्या है मामला?

बंगाल में यह हिंसा 11 और 12 अप्रैल को हुई थी। जो कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भड़की थी। मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज, सूती, धुलियान और जंगीपुर में तीन लोगों की जान चली गई। ये इलाके मुस्लिम बहुल हैं। कई लोग डर के मारे मालदा जिले में जाकर रहने लगे हैं। पुलिस ने हिंसा मामले में अब तक 274 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर तोड़फोड़ और दंगा करने का आरोप है। प्रभावित इलाकों में शांति बनाए रखने के लिए सेंट्रल फोर्स और बंगाल पुलिस को तैनात किया गया है।

मानवाधिकार आयोग की टीम भी डटी

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी महिलाओं पर हिंसा के प्रभाव का आकलन करने और पुनर्वास प्रयासों का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को मालदा और मुर्शिदाबाद का दो दिवसीय दौरा शुरू किया। रहाटकर ने कोलकाता में कहा कि हमें सूचना मिली है कि प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों में महिलाओं के साथ सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक जांच समिति गठित की है। हम पीड़ितों से बात करेंगे और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पहले स्थिति का आकलन करेंगे। एनसीडब्ल्यू की टीम रात को मालदा में रुकेगी और शनिवार को मुर्शिदाबाद जाएगी। समिति जिला अधिकारियों, पीड़ितों से मुलाकात कर सकती है और आखिर में रविवार को कोलकाता में राज्यपाल, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से मुलाकात करेगी।

तृणमूल ने राज्यपाल और केंद्रीय टीम की आलोचना की
राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल ने राज्यपाल और दौरे पर आई केंद्रीय टीम की आलोचना की और उन पर राजनीतिक लाभ के लिए हालात को अस्थिर करने के प्रयास का आरोप लगाया। तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने कहा कि जब मुख्यमंत्री ने उनसे अनुरोध किया था तो उन्हें इसका सम्मान करना चाहिए था। लेकिन उनका इरादा क्षेत्र में तनाव पैदा करना और परेशानी बढ़ाना है। एनसीडब्ल्यू और एनएचआरसी की टीम भी और परेशानी बढ़ाने में बीजेपी को मदद करने के लिए क्षेत्र का दौरा कर रही हैं और वे नहीं चाहते कि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो।

बीजेपी ने टीएमसी पर किया पलटवार तृणमूल कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी घबराई हुई है। क्योंकि एनएचआरसी और राज्यपाल के दौरे से तृणमूल और दंगाइयों के बीच सांठगांठ का खुलासा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक के लिए दंगाइयों को संरक्षण दिया जा रहा है और तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है। मजूमदार ने कहा कि तृणमूल घबराई हुई है क्योंकि उन्हें पता है कि इन दौरों से हिंसा के जिम्मेदार लोगों के साथ उनके संबंधों का खुलासा हो जाएगा। वे अल्पसंख्यक वोट बैंक की राजनीति के लिए दोषियों को बचा रहे हैं।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button