महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में फिर महायुति सरकार, झारखंड में सोरेन का चमत्कार

महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज सामने आ गए हैं। महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की है। वहीं, झारखंड में हेमंत सोरेन अपनी सरकार बचाने में कामयाब रहे हैं। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी ने 133 सीटों पर शानदार जीत हासिल की है। भाजपा का यह प्रदर्शन शानदार रहा है। भाजपा राज्य में 149 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। वहीं एकनाथ शिंदे की शिवसेना 57 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही है। जबकि अजित पवार की एनसीपी को 41 सीट हासिल की हैं।

ऐसे 288 विधानसभा सीटों वाली महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन ने 234 सीटें अपने नाम की है। वहीं झारखंड की बात करें तो यहां हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक ने 56 सीटों पर जीत हासिल की है। तमाम मेहनत के बावजूद भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को सिर्फ 24 सीटों से संतोष करना पड़ा है। महाराष्ट्र में महायुति की जीत के बाद मुख्यमंत्री के कई दावेदार हो गए हैं वहीं मुख्यमंत्री के रश्मि कई नाम की भी चर्चाएं शुरू हो गई है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत की सराहना करते हुए इसे विकास और सुशासन की विजय बताया तथा लोगों को आश्वासन दिया कि सत्तारूढ़ गठबंधन राज्य की प्रगति के लिए काम करना जारी रखेगा। मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले गठबंधन को राज्य विधानसभा चुनाव में जीत के लिए बधाई दी। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि उनकी पार्टी हमेशा लोगों के मुद्दों को उठाने में सबसे आगे रहेगी। मोदी ने अपनी पोस्ट को राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी टैग किया।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन महायुति के जीत ओर बढ़ने के बीच मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर किसी विवाद से इनकार किया और कहा कि महायुति के नेता इस बारे में फैसला करेंगे। फडणवीस ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम बताते हैं कि राज्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करता है। उन्होंने महिला मतदाताओं को भी धन्यवाद दिया। फडणवीस ने कहा, ‘‘जनता ने झूठा विमर्श गढ़ने और धर्म के आधार पर मतदाताओं को बांटने के विपक्ष के प्रयासों को विफल कर दिया।’’ 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन की ऐतिहासिक जीत के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि गठबंधन को इतना बड़ा बहुमत देकर लोगों ने संविधान के फर्जी शुभचिंतकों की दुकानें बंद करा दीं। शाह ने झारखंड में भाजपा को दूसरे दलों की तुलना में सबसे अधिक वोट देने के लिए राज्य की जनता को भी धन्यवाद दिया। केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, जय महाराष्ट्र! इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि वंदन।” 

कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों को अप्रत्याशित करार देते हुए शनिवार को दावा किया कि विपक्ष को हराने के लिए षडयंत्र हुआ है और राज्य में (विपक्ष को) निशाना बनाकर समान अवसर की स्थिति को बिगाड़ा गया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि झारखंड की जनता ने ध्रुवीकरण की राजनीति को ठुकराया है और देश के लिए सकारात्मक संदेश दिया है। रमेश ने कहा, आज का दिन कांग्रेस के लिए कहीं खुशी का कहीं ग़म का दिन है। झारखंड की जनता को बधाई देता हूं कि उन्होंने देश को रास्ता दिखाया है। ध्रुवीकरण की राजनीति को ठुकराया है। सारा चुनाव एक मुद्दे और एक शब्द घुसपैठिए पर लड़ा गया, लेकिन जनता ने निर्णायक जवाब दिया। 

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button