लोकसभा निर्वाचन 2024 : बस्तर में 19 अप्रैल को मतदान; 300 से ज्यादा बूथ संवेदनशील, 80 हजार जवानों की रहेगी कड़ी ड्यूटी

बस्तर, 9 अप्रैल 2024|नक्सलगढ़ बस्तर में लोकसभा चुनाव का प्रथम चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है. अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया, बस्तर में 300 से ज़्यादा बूथ संवेदनशील है. यहां सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं. सेंट्रल से मिले सुरक्षा जवानों के साथ छत्तीसगढ़ में तैनात जवानों को चुनाव कार्यों में लगाया गया है.
बस्तर में चुनाव करवाना फोर्स के लिए हमेशा चुनौती रही है। इस बार लोकसभा चुनाव के लिए बस्तर पुलिस खुद को तैयार बता रही है। पत्रिका ने बस्तर आईजी सुंदरराज पी. से बात करते हुए जाना कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने का फार्मूला क्या तय हुआ है। इस पर उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए 80 हजार जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। साथ ही बस्तर संभाग में स्थापित हो चुके 75 कैंप भी सुरक्षित चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे।



