राष्ट्रीय

Lok Sabha Election Live: खरगे ने PM मोदी पर कसा तंज, कहा- सत्ता के लिए झूठ बोलना भाजपा के प्रशिक्षण की खासियत

Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: पहले चरण के मतदान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तमाम राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। इस बीच सूरत से कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुंभानी का नामांकन पत्र खारिज होने की जानकारी सामने आई है।

खरगे ने भी कसा तंज
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा है। खरगे ने एक्स पोस्ट में लिखा,’आज मोदी जी के बौखलाहट भरे भाषण से दिखा कि प्रथम चरण के नतीजों में INDIA जीत रहा है। मोदी जी ने जो कहा वो हेट स्पीच तो है ही, ध्यान भटकाने की एक सोची समझी चाल है। प्रधानमंत्री ने आज वही किया जो उन्हें संघ के संस्कारों में मिला है। सत्ता के लिए झूठ बोलना, बातों का अनर्गल संदर्भ बनाकर विरोधियों पर झूठे आरोप मढ़ना यह संघ और भाजपा की प्रशिक्षण की खासियत है। देश की 140 करोड़ जनता अब इस झूठ के झांसे में नहीं आने वाली।

हमारा घोषणापत्र हर एक भारतीय के लिए है।सबकी बराबरी की बात करता है। सबके लिए न्याय की बात करता है। कांग्रेस का न्याय पत्र सच की बुनियाद पर टिका है, पर लगता है Goebbels रूपी तानाशाह की कुर्सी अब डगमगा रही है। भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने अपने पद की गरिमा को इतना नहीं गिराया, जितना मोदी जी ने गिराया है।’

राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के घोषणा पत्र को बताया क्रांतिकारी
इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि पहले चरण के मतदान में निराशा हाथ लगने के बाद नरेंद्र मोदी के झूठ का स्तर इतना गिर गया है कि घबरा कर वह अब जनता को मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि कांग्रेस के ‘क्रांतिकारी मेनिफेस्टो’ को मिल रहे अपार समर्थन के रुझान आने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि देश अब अपने मुद्दों पर वोट करेगा, अपने रोजगार, अपने परिवार और अपने भविष्य के लिए वोट करेगा। भारत भटकेगा नहीं!
09:17 PM, 21-APR-2024
साम्राज्य बचाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं विपक्षी दल : नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि वे अपनी वंशवादी राजनीति को बचाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में एक स्थिर सरकार प्रदान की और तीन तलाक की प्रथा, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान किया गया। महाराष्ट्र में बुलढाणा और सात अन्य लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राजनीतिक दल अपने घोषणा पत्र में बड़े-बड़े दावे करते थे और सत्ता में आने के बाद उनका क्रियान्वयन भूल जाते थे। देश में विपक्षी दल अब अपनी वंशवादी राजनीति को बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, चाहे वह शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एशपी) हो या उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी)। उन्होंने कहा, भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में एक स्थिर सरकार दी है, जिससे तीन तलाक और राम मंदिर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने में मदद मिली। हमने बेघर लोगों को सैकड़ों-हजारों घर उपलब्ध कराए हैं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाई, जिससे ग्रामीण लोगों को आरामदायक जीवन मिल सका। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार नागरिकता (संशोधन) अधिनियम भी लेकर आई है। यह विदेशों में रह रहे प्रताड़ित हिंदुओं, पारसियों और ईसाइयों को भारतीय नागरिकता प्रदान करता है। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने उनकी मदद के लिए कभी ऐसे कदम नहीं उठाए। नड्डा ने कहा, मोदी के सत्ता में आने के बाद देश की राजनीति बदल गई है और लोगों के प्रति अधिक जवाबदेह हो गई है।
09:13 PM, 21-APR-2024
सोशल मीडिया पोस्ट पर अमित मालवीय के खिलाफ पुलिस में शिकायत
पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। तृणमूल कांग्रेस के एक सूत्र ने रविवार को यह जानकारी दी।

मालवीय ने एक पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए, भट्टाचार्य ने शनिवार को कोलकाता के गरियाहाट पुलिस स्टेशन में दायर शिकायत में कहा कि मालवीय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया, जिसके बारे में उनका दावा है कि यह अपमानजनक है और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का अपमान करता है। टीएमसी ने इस बात से इनकार किया है कि बनर्जी ने रैली से प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी की थी।

थरूर पर राजीव चन्द्रशेखर के खिलाफ झूठा प्रचार करने का मामला दर्ज
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा उम्मीदवार शशि थरूर पर केंद्रीय मंत्री और प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ कथित तौर पर गलत प्रचार करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को इस बारे में बताया। उन्होंने कहा कि साइबर पुलिस ने 15 अप्रैल को थरुर के खिलाफ मामला दर्ज किया था, हालांकि इसकी जानकारी आज ही सामने आया।

पुलिस के अनुसार, थरूर के खिलाफ मामला भाजपा नेता जेआर पद्मकुमार की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। जिन्होंने शशि थरूर पर एक टेलीविजन कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर के खिलाफ गलत अभियान चलाने का आरोप लगाया था।साइबर पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 171-जी और 500 और आईटी अधिनियम की धारा 65 के तहत दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि मामले में जांच चल रही है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button