“कुणाल कामरा की गैरहाजिरी: मुंबई पुलिस ने बताया – ‘सात दिन का मांगा समय'”

मुंबई पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि कॉमेडियन कुणाल कामरा के वकील ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर 7 दिन का समय मांगा है। मुंबई पुलिस ने कहा कि आज कॉमेडियन कुणाल कामरा को पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था लेकिन वे नहीं आए। इसके साथ ही कानूनी राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करने के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पूरे भारत में कई राजनेताओं ने कामरा का समर्थन और विरोध किया है। वहीं, मुंबई पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि कॉमेडियन कुणाल कामरा के वकील ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर 7 दिन का समय मांगा है।
मुंबई पुलिस ने कहा कि आज कुणाल को पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन वे नहीं आए। कानूनी राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एकनाथ शिंदे को कविता में कहा था गद्दार
स्टैंडअप कॉमेडियन ने मुंबई के खार स्थित यूनीकांटीनेटल होटल के हैबिटेट स्टूडियो में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को गद्दार कहते हुए उनपर हिंदी फिल्म दिल तो पागल है के एक गाने की पैरोडी बनाकर गाई थी। इस कविता के वायरल होने के बाद शिवसेना शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं ने उक्त स्टूडियो में जाकर जमकर तोड़फोड़ की।
कॉमेडी के नाम पर किसी का अपमान ठीक नहीं : कंगना
अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौट ने कहा कि कॉमेडी के नाम पर किसी का अपमान करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा- ”शिंदे ने अपनी मेहनत से यहां तक का सफर तय किया है। कामरा की क्या पहचान है? अगर वे लिख सकते हैं, तो साहित्य या फिल्मों में कॉमेडी दृश्य लिखें।”
रनौट ने स्टूडियो पर की गई कार्रवाई की तुलना अपने मुंबई कार्यालय में 2020 में बीएमसी द्वारा की गई कार्रवाई से करने को भी गलत बताया।
उन्होंने कहा कि वहां उस वक्त बुलडोजर चलाना अवैध था। मगर इनके साथ जो हुआ, वह कानूनी तरीके से हुआ। बता दें कि जब बीएमसी ने कंगना का ऑफिस तोड़ा था तो कुणाल ने इसका भी मजाक बनाया था।


