राम से बड़ा राम का नाम… सिर्फ लिखने से मिलती है शक्ति, मन रहता है प्रसन्न! भक्तों ने बताए फायदे

/गुना: आपने प्रभु राम की महिमा तो सुनी ही होगी, राम नाम लिखने वाले लोगों को भी देखा होगा, लेकिन कहा गया है कि राम से बड़ा राम का नाम है. इस नाम की महिमा ऐसी है कि सिर्फ राम लिखने से मनुष्य को अनेकों फायदे हो सकते हैं. इसे लिखने वाले बताते हैं राम शब्द अपने आप में मंत्र है. जिसे लिखने से जीवन में कई प्रकार के बदलाव देखने को मिलते हैं. मध्य प्रदेश के गुना के डॉ. व्रज राज सिंह सिसोदिया कई वर्षों से इस शक्तिशाली मंत्र के लेखन के प्रताप का फल अनुभव कर रहे हैं. उन्होंने इसके फायदे भी बताए.
वहीं गुना में एक ऐसा रामभक्त भी है, जो 20 वर्षों से राम नाम लेखन कर राम भक्ति में लगा है. गोपी लाल रोजाना 8 से 10 घंटे राम नाम का लेखन करते हैं. सबसे खास बात यह कि उन्होंने इतने सालों में एक भी दिन नागा नहीं किया. अगर इनके द्वारा लिखे गए राम नाम की संख्या गिने करे तो यह करोड़ों के पार जा पहुंच जाएगी. गोपी लाल बताते हैं कि जब वह इस लेखन के कार्य को शुरू करते हैं तो ऐसी धुन दिमाग में आती है कि वह निरंतर राम नाम लिखते चले जाते है.
डॉ. सिसोदिया ने बताया राम नाम लेखन के पांच बड़े फायदे
1. इस नाम के लेखन से आप राम नाम भक्ति के मार्ग से हमेशा जुड़े रहते हैं. साथ ही यह मंत्र आपको मुक्ति प्रदान कराता है.
2. राम नाम के लेखन से आपका तन-मन सब एक ही जगह केंद्रित रहता है. साथ ही इन्द्रियों को संयम रखने में मदद मिलती है.
3. इस मंत्र में सबसे खास बात यह कि नाम मन में उत्पन्न गलत भाव विचारों और वासनाओं को समाप्त कर देता है. मन प्रसन्न रहता है.
4. इस राम नाम लेखन में भाव हृदय में प्रकट होने के साथ ही कानों में भी सिर्फ इसी मंत्र की गूंज होती है.
5. व्यक्ति जब फ्री रहता है, तब सबसे ज्यादा उसका मन भागता है. इस मंत्र के जाप या लेखन से फिजूल समय की बचत के साथ भक्ति में प्रगति होती है.



