यूपी में यहां लग रहा जॉब फेयर, सैकड़ों पदों पर होंगी भर्ती

बस्ती: आईटीआई उत्तीर्ण करके नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए बस्ती में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. यह मेला 21 फरवरी को बस्ती के राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित होगा. इस रोजगार मेले का आयोजन राजकीय आईटीआई और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है. आईटीआई बस्ती के प्रधानाचार्य गोविंद कुमार लोकल 18 को बताते हैं कि इस मेले में एक नामी मोटर व्हीकल कंपनी के द्वारा 300 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी.
मेले में शामिल होने के लिए क्या है पात्रता
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को किसी भी दो वर्षीय ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. इसके अलावा उम्मीदवारों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए. यह भर्ती विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के लिए है, जो आईटीआई में प्रशिक्षित हैं और नौकरी की तलाश कर रहे हैं.
मेला में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का अंकपत्र, आईटीआई प्रमाण पत्र और तकनीकी योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी. बिना इन दस्तावेजों के अभ्यर्थियों को मेले में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. अभ्यर्थियों को बस्ती के राजकीय आईटीआई परिसर में निर्धारित समय पर उपस्थित होना आवश्यक होगा.
चयन प्रक्रिया
गोबिंद कुमार बताते हैं कि मेले में भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों का चयन कंपनी द्वारा आयोजित साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा. साक्षात्कार में पास करने वाले उम्मीदवारों को विभिन्न पदों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा. चयनित उम्मीदवारों को कंपनी में बेहतर वेतन और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी.



