नौकरी पाने का मौका, UP में यहां लगने वाला है जॉब फेयर, कई पदों पर होगी भर्ती

/रामपुर: रामपुर जिले के तीन विकासखंडों मिलक, शाहबाद और चमरौआ में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है. इन मेलों में कई पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित होंगे, जिससे युवाओं को रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा. यह आयोजन जिले के उन युवाओं के लिए खासतौर पर फायदेमंद साबित हो सकता है, जो नौकरी की तलाश में हैं और अपनी योग्यता के आधार पर नौकरी हासिल करना चाहते हैं.
25 मार्च को विकासखंड मिलक के सभागार में सुबह साढे दस बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा. इसी तरह शाहबाद में रोजगार मेला 26 मार्च को विकासखंड शाहबाद के सभागार में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा. वहीं चमरौआ में 27 मार्च को नुमाइश ग्राउंड पनवड़िया में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जो सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा.
इन रोजगार मेलों में पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड और जीडीएक्स सिक्योरिटी एंड फैसिलिटी मैनेजमेंट जैसी कंपनियां शामिल हो रही हैं. ये कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए साक्षात्कार लेंगी और योग्य उम्मीदवारों को नौकरी का अवसर देंगी. खास बात यह है कि इन मेलों में शामिल होकर उम्मीदवार सीधे कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिल सकते हैं और अपनी योग्यता के आधार पर नौकरी हासिल कर सकते हैं.
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को तय तारीख पर आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा. इसके लिए अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी दस्तावेजों को साथ लाना अनिवार्य है. यह रोजगार मेला उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका है, जो रोजगार की तलाश में हैं और बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाना चाहते हैं. इस मेले में शामिल होकर उम्मीदवार अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं और विभिन्न कंपनियों के साथ काम करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं.



