जिंदल स्टेनलेस ने दिया 150% डिविडेंड, जान लीजिए कंपनी को कितना हुआ मुनाफा

नई दिल्ली: जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (JSL) ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2025 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे घोषित कर दिए। इस तिमाही में कंपनी को न केवल मुनाफा हुआ है बल्कि उसका रेवेन्यू भी बढ़ गया है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने शेयरधारकों को डिविडेंड देने की भी घोषणा की है।
नतीजों के मुताबिक चौथी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 17.8% बढ़कर 590 करोड़ रुपये हो गया। यह पिछले साल समान तिमाही में 501 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू 7.9% बढ़कर 10,198 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल यह 9,454 करोड़ रुपये था। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 2.6% बढ़कर 1,061 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल यह 1,034 करोड़ रुपये था।
पूरे साल कैसा रहा प्रॉफिट?
कंपनी ने पूरे साल यानी वित्त वर्ष 2025 में 2,711 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया। यह पिछले साल से 7% ज्यादा है। कंपनी की बिक्री 9% बढ़कर 23,73,070 टन हो गई। नेट रेवेन्यू 40,182 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल से 5% ज्यादा है। EBITDA थोड़ा गिरकर 3,905 करोड़ रुपये हो गया, जो 3% कम है।
कर्ज भी हुआ कम
कंसोलिडेटेड आधार पर 31 मार्च 2025 तक JSL पर 3,899 करोड़ रुपये का कर्ज था। कंपनी का कर्ज और इक्विटी का अनुपात 0.2 है। इसका मतलब है कि कंपनी के पास जितना पैसा है, उसके मुकाबले कर्ज कम है।



