अंतर्राष्ट्रीय

इजरायल ने पूरे गाजा पर की बमबारी, 12 फलस्तीनी नागरिकों की मौत; हमास ने 3 बंधकों का जारी किया वीडियो


यरुशलम, रायटर। इजरायल ने सोमवार को पूरे गाजा में बमबारी कर हमास के प्रभाव वाले इलाकों को निशाना बनाया। इन हमलों में गाजा सिटी के एक घर में 12 फलस्तीनी मारे गए और कई घायल हुए हैं। जबकि दूसरे बड़े शहर खान यूनिस में इजरायली टैंकों की गोलाबारी के बाद कई स्थानों में आग लग गई और बड़ी मात्रा में उठे धुएं से शहर के ऊपर काला बादल छा गया।

इन हमलों के बाद गाजा में मरने वाले फलस्तीनियों की कुल संख्या बढ़कर 24,100 हो गई जबकि 61 हजार घायल हुए हैं। युद्ध में इजरायल के 189 सैनिक मारे गए हैं।

हमास ने जारी किया बंधकों का वीडियो
हमलों के कुछ देर बाद ही हमास ने तीन इजरायली बंधकों का वीडियो सार्वजनिक किया, जिसमें वे अपनी सरकार से हमले रोककर खुद को रिहा कराने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं। इजरायली सरकार ने इसे युद्धविराम के लिए दबाव बनाने की हमास की हरकत माना है।

खान यूनिस में चल रही है भीषण लड़ाई
हमास से संबंधित फलस्तीनी प्रेस एजेंसी साफा के अनुसार इजरायली सेना और हमास लड़ाकों के बीच खान यूनिस में भीषण लड़ाई चल रही है। मध्य गाजा के अल-बुरेज और मेघाजी में भी दोनों पक्षों में लड़ाई जारी है। नुसीरत शहर की एक सड़क के वीडियो में दिखाया गया है कि वहां का एक भी मकान सही दशा में नहीं बचा है। इजरायली हमलों में वहां के कुछ मकान ध्वस्त, तो ज्यादातर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

इजरायली सेना के अनुसार खान यूनिस में बड़ी मात्रा में हथियार ले जा रहे वाहन को हवाई हमले में बर्बाद कर दिया गया। इस हमले में वाहन में बैठे दो लड़ाके भी मारे गए हैं।

इजरायल में दो फलस्तीनियों ने कारों से कुचले 18 लोग
इजरायल के मध्य के रानाना शहर में दो कारों से कुचलने की घटना में एक महिला की मौत हुई है और 17 घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों कारों के फलस्तीनी चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन घटनाओं के बाद इजरायल में सामुदायिक तनाव पैदा हो गया है। पुलिस ने इसे आतंकी घटना बताया है। इस घटना के लिए जिन दो लोगों को पकड़ा गया है, वे एक ही परिवार के हैं और मूल रूप से वेस्ट बैंक के रहने वाले हैं। ये लोग अवैध रूप से इजरायल में रह रहे थे।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button